कटनी में मिशन चौक ओवरब्रिज पर आज दोपहर एक चलती एक्टिवा में अचानक आग लग गई। इस घटना से पुल पर यातायात बाधित हो गया। एक्टिवा चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्टिवा सवार युवक चांडक चौक से बरगवां की ओर जा रहा था। दोपहर में जब वह मिशन चौक ओवरब्रिज पर आजाद चौक के पास पहुंचा, तो गाड़ी के निचले हिस्से से चिंगारियां निकलने लगीं। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही धुएं के साथ आग की लपटें तेज हो गईं। खतरा भांपते हुए चालक ने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे खड़ी की और उससे दूर हट गया। देखते ही देखते एक्टिवा पूरी तरह आग का गोला बन गई और कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हो गई। बीच सड़क पर धू-धू कर जलती एक्टिवा को देखकर ओवरब्रिज से गुजर रहे राहगीरों और वाहन चालकों में भय व्याप्त हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी उसे बुझाने के लिए पास नहीं जा सका। इस घटना के कारण पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। भीषण गर्मी और इंजन में हुई स्पार्किंग के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया। पुलिस एक्टिवा के नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
Source link