Last Updated:
Ujjain News: धर्म नगरी उज्जैन के मां बगलामुखी धाम में श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी सेवा की शुरुआत हुई है. आगामी सिंहस्थ महापर्व को देखते हुए मंदिर परिसर में तीन मंजिला अत्याधुनिक निशुल्क भोजनशाला शुरू की गई है.
Ujjain News: बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन अपनी धार्मिक पहचान के लिए विश्व प्रसिद्ध है. यहां रोजाना लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं. महाकाल मंदिर के अन्नक्षेत्र की तर्ज पर अब मां बगलामुखी धाम में भी ‘अन्न क्षेत्र’ यानी निशुल्क भोजनशाला का भव्य शुभारंभ हुआ है. मंदिर के महंत योगी पीर रामनाथ महाराज ने इस सेवा की शुरुआत की है.
महंत योगी पीर रामनाथ महाराज ने बताया कि देश-विदेश से आने वाले भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह कदम उठाया गया है. विशेषकर आगामी सिंहस्थ महापर्व में आने वाले लाखों दर्शनार्थियों को भोजन के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा. इस पहल का मुख्य उद्देश्य है कि कोई भी भक्त मंदिर से भूखा न लौटे.
तीन मंजिला इमारत और हाईटेक मशीनें
भैरवगढ़ क्षेत्र में स्थित यह भोजनशाला बेहद आधुनिक है. इसे तीन मंजिला इमारत में बनाया गया है. भोजन तैयार करने के लिए अत्याधुनिक मशीनों का उपयोग किया जाएगा. वर्तमान में रोजाना 1000 लोगों के लिए भोजन बनेगा, लेकिन आने वाले समय में इसे बढ़ाया जाएगा. इस भोजनशाला की क्षमता इतनी है कि एक साथ 5000 श्रद्धालु बैठकर प्रसादी ग्रहण कर सकते हैं.
पुणे के दानदाता ने पेश की मिसाल
यह सेवा पुणे के भोसरी निवासी उद्योगपति बालासाहब हीरामण लांडगे द्वारा समर्पित की गई है. उन्होंने स्व. हीरामण केशव लांडगे और स्व. कृष्णाबाई रामभाऊ येलवंडे की पावन स्मृति में यह सराहनीय कार्य किया है.
संतों और विद्वानों की उपस्थिति में शुभारंभ
26 अप्रैल वैशाख शुक्ल दशमी को विधि-विधान के साथ इसका उद्घाटन हुआ. इस अवसर पर अखिल भारतीय नाथ संप्रदाय के मठाधीशों सहित भर्तहरि गुफा मंदिर के संतों और विद्वान ब्राह्मणों की गरिमामयी उपस्थिति रही. मान्यता है कि मंदिर में आयोजित अनुष्ठानों से नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है. अब इस भोजन सेवा से मानवता का मार्ग और प्रशस्त होगा.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें