शादी वाले घर से 5 लाख के आभूषण चोरी: रिश्तेदार ने उधारी-शौक पूरे करने के लिए की चोरी; मार्केट में बेचने गया तो पकड़ाया – Ratlam News

शादी वाले घर से 5 लाख के आभूषण चोरी:  रिश्तेदार ने उधारी-शौक पूरे करने के लिए की चोरी; मार्केट में बेचने गया तो पकड़ाया – Ratlam News




रतलाम के सैलाना के शादी समारोह में रिश्तेदार ने पांच लाख की सोने-चांदी की ज्वेलरी व नगदी चुरा ली। बोदिना गांव में आयोजित शादी का कार्यक्रम धर्मशाला में चल रहा था। इस बीच शादी वाला घर सूना था। सूना मकान पाकर रिश्तेदार ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। जब ज्वेलरी बेचने गया तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने जब पूछताछ की तो उसने चोरी की घटना करना स्वीकारा। घटनाक्रम का खुलासा एसपी अमित कुमार ने मंगलवार दोपहर पुलिस कंट्रोल रुम पर किया। एसपी ने बताया निर्मल पाटीदार निवासी बरबोदना ने 26 अप्रैल को सैलाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि 26 अप्रैल को उनके भतीजे हरीओम पाटीदार की शादी समारोह गांव की धर्मशाला में चल रहा था। परिवार के सभी सदस्य धर्मशाला में थे। घर के अंदर अलमारी खुली मिली
रात 10 बजे घर लौटने पर देखा कि दरवाजे का नकूचा टूटा हुआ है। घर के अंदर आलमारी खुली थी। आलमारी से चांदी के आभूषण एवं नगदी गायब थी। इस दौरान दूल्हे के रिश्तेदार के बैग से भी सोने का हार एवं नगदी गायब थी। सैलाना थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया। परिजनों ने शक जताया घटना के बाद एसडीओपी नीलम बघेल, सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश के नेतृत्व में टीम बनाई। सायबर टीम भी अपनी जांच में जुटी। परिजनों से पूछताछ की। घर के लोगों ने रिश्तेदार सुजल पिता (20) मुकेश पाटीदार निवासी ग्राम पंचेवा पर संदेह जताया। क्योंकि घटना के बाद से वह अचानक गायब हो गया था। संदेही के नाम आने के बाद पुलिस ने सुजल की तलाश शुरू की। लोकेशन से किया ट्रेस
मोबाइल लोकेशन ट्रेस करते हुए आरोपी को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली। आरोपी ज्वेलरी लेकर जावरा बेचने गया। बेचने के पहले पुलिस ने इसे अपनी गिरफ्त में ले लिया। पूछताछ की तो उसने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पंचेवा स्थित पवन चक्की क्षेत्र में एक टीन शेड में चोरी किया सोने का हार, चांदी के आभूषण बरामद किए। साथ में नगदी राशि अपनी बाइक की डिक्की में नीचे छिपाकर रखी थी उसे भी बरामद किया। आरोपी दूल्हे की बुआ के देवर का लड़का है। फाइनेंस कंपनी में करता है काम पुलिस के अनुसार आरोपी फाइनेंस कंपनी में कैश कलेक्शन का काम करता है। 10 से 12 हजार रुपए सैलरी मिलती है। घर में माता-पिता व भाई है। आरोपी ने उधारी के रुपए चुकता करने व शौक मौज के लिए चोरी की थी। ढाई तोला सोना और कैश बरामद
एक सोने का हार ढाई तोला किमत करीब 3 लाख रुपए। एक चांदी का कंदोरा वजनी 84 ग्राम। दो जोड़ी चांदी की पायजेब वजन 148 ग्राम व 54 ग्राम। 21 हजार रुपए नकद व घटना में प्रयुक्त बाइक को बरामद किया। आरोपी को पकड़ने में धामनोद चौकी प्रभारी आनंद बागवान, सब इंस्पेक्टर शंकरसिंह शक्तावत, कॉन्स्टेबल फकीरचंद सोलंकी, साइबर सेल टीम का योगदान रहा।



Source link