शिवपुरी में एक ध्यान केंद्र से चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 40 हजार रुपए के पीतल के बर्तन और एक मूर्ति बरामद की गई है। थाना प्रभारी रोहित दुबे ने बताया कि यह मामला 27 मार्च 2026 का है। न्यू दर्पण कॉलोनी निवासी अभिनव भटनागर ने चतुर्भुज अस्पताल के पास स्थित ध्यान केंद्र से मिक्सर, एलईडी टीवी और साउंड सिस्टम सहित अन्य सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि एक आरोपी फरार चल रहा था। बेचने की फिराख में था, पकड़ा गया
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई। 28 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक वीटीपी स्कूल के पास प्लास्टिक के कट्टे में चोरी का सामान बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धर्मेंद्र कुशवाह (27) बताया, जो सलोदा थाना पोहरी का निवासी है और वर्तमान में मनियर, शिवपुरी में रह रहा था। तलाशी लेने पर उसके पास से पीतल की गणेश मूर्ति, थालियां, आरती, कटोरियां और अगरबत्ती स्टैंड सहित अन्य चोरी का सामान बरामद हुआ। आरोपी ने ध्यान केंद्र में चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लगभग 40 हजार रुपए कीमत का चोरी का माल बरामद किया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
Source link