Last Updated:
Gardening Tips: अगर आप इन आसान तरीकों को अपनाते हैं, तो न सिर्फ आपके पौधे गर्मी से सुरक्षित रहेंगे, बल्कि आपकी छत और बालकनी हमेशा हरी-भरी बनी रहेगी. साथ ही घर का वातावरण भी ठंडा और ताजगी भरा महसूस होगा, जो तेज गर्मी में किसी राहत से कम नहीं है.
Gardening Tips: गर्मी आते ही छत और बालकनी में लगे पौधों की देखभाल एक बड़ी चुनौती बन जाती है. अप्रैल-मई की तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण पौधे जल्दी सूखने लगते हैं, पत्तियां झुलस जाती हैं और उनकी ग्रोथ भी रुक जाती है. ऐसे में ज्यादातर लोग गमलों को छांव में शिफ्ट कर देते हैं या बालकनी में रख देते हैं, लेकिन सिर्फ इतना करना काफी नहीं होता. अगर सही तरीके से खाद और देखभाल की जाए, तो तेज गर्मी में भी पौधे हरे-भरे और स्वस्थ बने रह सकते हैं.
विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मियों में पौधों को सबसे ज्यादा जरूरत होती है पोषण और नमी की. इसके लिए केंचुआ खाद, गोबर की खाद और घर में बनी जैविक कंपोस्ट सबसे बेहतर विकल्प माने जाते हैं. खास बात ये कि आप अपने किचन वेस्ट जैसे सब्जियों के छिलके, फल के अवशेष और चाय की पत्ती से आसानी से घर पर ही जैविक खाद तैयार कर सकते हैं. यह खाद मिट्टी की गुणवत्ता बढ़ाती है और पौधों की जड़ों को मजबूत बनाती है, जिससे वे तेज गर्मी को आसानी से सहन कर पाते हैं.
पौधों को सीधी धूप से बचाएं
बारिश के समय खेत की मिट्टी में केंचुए डालकर उसे सड़ने के लिए छोड़ दिया जाए, तो इससे तैयार होने वाली केंचुआ खाद बेहद उपजाऊ होती है. यही खाद जब गमलों में डाली जाती है, तो पौधों को लंबे समय तक पोषण मिलता है और उनकी ग्रोथ भी तेजी से होती है. खंडवा के गार्डनिंग एक्सपर्ट चंद्रशेखर मिश्रा के मुताबिक, अगर नियमित रूप से जैविक खाद का इस्तेमाल किया जाए तो गमलों में लगे फूल और सब्जियां दोनों ही अच्छी क्वालिटी की होती हैं. साथ ही गर्मियों में पौधों को सीधी धूप से बचाना बेहद जरूरी है, इसलिए उन्हें ऐसी जगह रखें जहां हल्की धूप और पर्याप्त छांव मिल सके.
दो महीने में आने लगेंगे फूल
बालकनी को आप एक छोटे से गार्डन में भी बदल सकते हैं. यहां आप गुलाब, मोगरा जैसे फूलों के साथ-साथ टमाटर, हरी मिर्च, बैंगन, पालक और मूली जैसी सब्जियां भी आसानी से उगा सकते हैं. खास बात यह कि ये पौधे 1-2 महीने के अंदर ही फल देना शुरू कर देते हैं. पानी देने का भी सही तरीका अपनाना जरूरी है. गर्मियों में हर गमले में दिन में कम से कम आधा लीटर पानी जरूर डालना चाहिए, ताकि मिट्टी में नमी बनी रहे और पौधे सूखने न पाएं. ध्यान रखें कि सुबह-शाम के समय ही पानी दें, ताकि पानी जल्दी सूखे नहीं और पौधों को पूरा फायदा मिले.
अगर आप इन आसान तरीकों को अपनाते हैं तो न सिर्फ आपके पौधे गर्मी से सुरक्षित रहेंगे, बल्कि आपकी छत और बालकनी हमेशा हरी-भरी बनी रहेगी. साथ ही घर का वातावरण भी ठंडा और ताजगी भरा महसूस होगा, जो तेज गर्मी में किसी राहत से कम नहीं है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें