बुरहानपुर जिले के ग्राम भावसा में बुधवार सुबह एक खेत में खड़ी मक्का की फसल में आग लग गई। इस घटना में करीब एक एकड़ फसल जलकर खाक हो गई, हालांकि फायर फायटर की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। यह खेत किसान रविंद्र त्रयंबक पाटिल का है, जो बंभाड़ा निवासी हैं। उन्होंने अपने खेत में चार एकड़ में मक्का की फसल लगाई थी। आग लगने का कारण अभी अज्ञात है। भावसा के किसान गफ्फार मंसूरी ने बताया कि आग लगने की सूचना तत्काल नगर परिषद शाहपुर को दी गई। शाहपुर से फायर फायटर मौके पर पहुंचा और स्थानीय किसानों की मदद से कुछ ही देर में आग पर नियंत्रण पा लिया गया। आग लगने से लगभग एक एकड़ मक्का की फसल पूरी तरह जल गई। फायर फायटर और किसानों के प्रयासों से शेष तीन एकड़ फसल को जलने से बचा लिया गया। किसान रविंद्र त्रयंबक पाटिल के अनुसार, उन्हें करीब 60 से 70 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। घटना की सूचना मिलने पर पटवारी ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया।
Source link