रीवा कलेक्टर को आया गुस्सा बोले- हीरोगिरी करने आते हो: लेट आने वाले कर्मचारियों को लाइन में खड़ा कर लगाई फटकार; चश्मा शर्ट से निकालकर हाथ में दिया – Rewa News

रीवा कलेक्टर को आया गुस्सा बोले- हीरोगिरी करने आते हो:  लेट आने वाले कर्मचारियों को लाइन में खड़ा कर लगाई फटकार; चश्मा शर्ट से निकालकर हाथ में दिया – Rewa News




रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने बुधवार को जिला पंचायत और कलेक्ट्रेट कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित मिले। कलेक्टर ने देर से पहुंचने वाले कर्मचारियों को लाइन में खड़ा कर फटकार लगाई। उन्होंने अनुशासनहीनता पर नाराजगी जताते हुए अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी को ई-अटेंडेंस व्यवस्था लागू करने और लेट आने वालों से आधे दिन का अवकाश आवेदन लेने के निर्देश दिए हैं। लाइन में खड़ा कर बोले- वेतन पूरा लेते हो, शर्म नहीं आती जिला पंचायत कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की अनुपस्थिति और देरी पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने देर से पहुंचे कर्मचारियों को लाइन में खड़ा किया और कड़े शब्दों में कहा, “शर्म नहीं आती, ड्यूटी पर एक घंटे लेट आते हो और एक घंटे पहले चले जाते हो, जबकि वेतन पूरा लेते हो।” उन्होंने एक-एक कर्मचारी से पूछताछ कर हिदायत दी। जींस पहनकर आए कर्मचारी से कहा- हीरोगिरी करने आते हो? निरीक्षण के दौरान एक कर्मचारी जींस पहनकर और नए हेयर स्टाइल में कॉलर खुला रखकर कार्यालय पहुंचा था। उसने अपनी शर्ट पर महंगा चश्मा भी लटका रखा था। इसे देखकर कलेक्टर ने चश्मा शर्ट से निकालकर उसके हाथ में दे दिया और कहा, “हीरोगिरी करने आते हो?” इसके बाद उसे भी लाइन में लगाकर फटकार लगाई गई। कलेक्ट्रेट का भी किया निरीक्षण, वेतन काटने की चेतावनी जिला पंचायत के बाद कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट कार्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां भी देर से पहुंचे अधिकारियों और कर्मचारियों को समझाइश देकर कड़ी चेतावनी दी गई। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि भविष्य में देरी से आने वाले कर्मचारियों का वेतन काटा जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित होकर जिम्मेदारी से कार्य करने और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



Source link