शिवपुरी का संस्कार केंद्र बना उम्मीद की किरण, बिना फीस के मिल रही पढ़ाई, प्रतियोगी तैयारी

शिवपुरी का संस्कार केंद्र बना उम्मीद की किरण, बिना फीस के मिल रही पढ़ाई, प्रतियोगी तैयारी


मध्य प्रदेश के शिवपुरी शहर में एक ऐसा स्थान है, जहां पढ़ाई के लिए पैसे नहीं, सिर्फ लगन की जरूरत है. शहर के बीचोंबीच स्थित वीर सावरकर पार्क परिसर में 1988 से संचालित सेवा संस्कार नाम की निशुल्क कोचिंग सेवा आज भी सैकड़ों विद्यार्थियों के सपनों को दिशा दे रही है. यह केंद्र खास तौर पर आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की मदद के उद्देश्य से शुरू किया गया था, लेकिन यहां पढ़ने का अवसर सभी के लिए खुला है. मधुसूदन चौबे बताते है कि वह इस सेवा संस्कार के नाम से कोचिंग को निशुल्क संचालित करते हैं.

 9वीं से 12वीं तक नियमित कक्षाएं
इस कोचिंग सेंटर में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित की नियमित कक्षाएं लगती हैं. अनुभवी शिक्षक बिना किसी शुल्क के बच्चों को पढ़ाते हैं. स्कूल पाठ्यक्रम के साथ-साथ परीक्षा की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जाता है, ताकि विद्यार्थी अच्छे अंक ला सकें और आगे की पढ़ाई के लिए मजबूत आधार तैयार हो सके.

प्रतियोगी परीक्षाओं की भी तैयारी
सिर्फ स्कूल के छात्र ही नहीं, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भी यहां विशेष कक्षाएं संचालित होती हैं. गणित, रीजनिंग, सामान्य ज्ञान और सामान्य विज्ञान जैसे विषयों पर फोकस कर विद्यार्थियों को प्रतियोगी माहौल में तैयार किया जाता है. कई छात्र यहां से तैयारी कर विभिन्न सरकारी नौकरियों में चयनित भी हो चुके हैं.

 टाइपिंग सीखने की सुविधा
समय के साथ इस केंद्र ने अपनी सुविधाओं का विस्तार भी किया है. यहां विद्यार्थियों के लिए टाइपिंग सीखने की व्यवस्था भी की गई है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के लिए बेहद उपयोगी साबित होती है। यह सुविधा भी पूरी तरह निशुल्क है.

 बैठने और पढ़ने की उत्तम व्यवस्था
कोचिंग सेंटर में बैठने की बेहतर व्यवस्था है. खुला, शांत और हरियाली से घिरा वातावरण विद्यार्थियों को एकाग्र होकर पढ़ाई करने में मदद करता है.पार्क का प्राकृतिक माहौल पढ़ाई के लिए सकारात्मक ऊर्जा देता है.

 फ्री लाइब्रेरी और रीडिंग रूम
संस्कार केंद्र की सबसे बड़ी विशेषता इसकी निशुल्क लाइब्रेरी और रीडिंग रूम है. यहां प्रतियोगी परीक्षाओं, स्कूल पाठ्यक्रम और सामान्य ज्ञान से जुड़ी अनेक उपयोगी किताबें उपलब्ध हैं। जिन छात्रों के पास महंगी किताबें खरीदने के साधन नहीं होते, उनके लिए यह लाइब्रेरी किसी वरदान से कम नहीं है. सुबह से शाम तक छात्र यहां बैठकर शांत माहौल में अध्ययन करते हैं.

 रजिस्ट्रेशन कैसे करें
यहां पढ़ने के लिए विद्यार्थियों को केवल निशुल्क रजिस्ट्रेशन कराना होता है. रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन भी किया जा सकता है या फिर सीधे केंद्र पर जाकर स्टाफ की मदद से फार्म भरा जा सकता है। किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता.

 शिक्षा के माध्यम से सेवा का अनूठा उदाहरण
लगभग चार दशक से लगातार चल रही यह सेवा शिवपुरी में शिक्षा के क्षेत्र में एक मिसाल बन चुकी है. बिना किसी प्रचार-प्रसार के, यह केंद्र आज भी जरूरतमंद विद्यार्थियों को मुफ्त में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे रहा है. ‘संस्कार’ वास्तव में उन छात्रों के लिए उम्मीद की किरण है, जो संसाधनों की कमी के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं.



Source link