जनगणना महाअभियान का कार्य 1 मई से शुरू होकर 30 मई तक चलेगा। जिसमें सागर जिले में 5000 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी घर-घर पहुंचकर मकान गणना करेंगे। साथ ही 33 प्रकार की जानकारी लेंगे। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी प्रतिभा पाल ने कहा कि 1 मई से 30 मई तक जनगणना का कार्य शुरू किया जा रहा है। इसके तहत शासन द्वारा नियुक्त अधिकारी और कर्मचारी घर-घर जाकर नागरिकों से आवश्यक सामान्य जानकारी एकत्र करेंगे। जनगणना का उद्देश्य देश की जनसंख्या, सामाजिक और आर्थिक स्थिति का सटीक आंकलन करना है। जिससे भविष्य की योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया जा सके। जिले में 4387 प्रगणक और 760 सुपरवाइजर मकानगणना का कार्य करेंगे। जनगणना में यह जानकारी मांगी जाएगी
जनगणना के दौरान अधिकारी आपसे केवल सामान्य और आधारभूत जानकारी ही प्राप्त करेंगे। जैसे कि आपके मकान व भवन का प्रकार, परिवार में कुल सदस्यों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, नल कनेक्शन, बिजली कनेक्शन की उपलब्धता शौचालय, बाथरूम की स्थिति, गैस कनेक्शन की जानकारी, रेडियो, टीवी, केबल कनेक्शन जैसी सुविधाएं, साइकिल, मोटरसाइकिल या कार जैसी परिसंपत्तियां, परिवार द्वारा उपभोग किया जाने वाला मुख्य खाद्यान्न, मोबाइल नंबर, इन जानकारियों का उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों और सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए किया जाएगा।
किन बातों से रहें सावधान
जनगणना के दौरान आधार कार्ड नंबर, पैन कार्ड नंबर, बैंक खाता या वित्तीय जानकारी किसी भी प्रकार का ओटीपी (OTP) जैसी संवेदनशील जानकारी कभी भी नहीं पूछी जाएगी। इसलिए नागरिक विशेष सतर्कता बरतें। यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की जानकारी मांगता है तो बिल्कुल न दें। जानकारी देने से पहले अधिकारी और कर्मचारी का पहचान पत्र अवश्य जांच लें। केवल अधिकृत सरकारी कर्मियों को ही जानकारी दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
Source link