Last Updated:
Rewa News: वार्ड की पार्षद आसमा देवी ने न्यूज 18 से कहा कि वार्ड की करीब एक हजार की आबादी बिजली और पानी से प्रभावित है लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है. बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर उनका फोन तक नहीं उठाते हैं.
लोगों को पानी लेने के लिए दो किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है.
रिपोर्ट- शिवकांत आचार्य, रीवा. मध्य प्रदेश में विकास के दावों के बीच रीवा से एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है. डभौरा के धुरकुच गांव में एक महीने से बिजली नहीं है. स्थानीय लोग प्यास बुझाने के लिए जंगल में गड्ढा खोद रहे हैं. केबल चोरी के बाद प्रशासन ने मुंह फेर लिया. दरअसल एक तरफ जहां पूरा प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, वहीं रीवा जिले के नगर परिषद डभौरा के ग्राम धुरकुच से मानवता को शर्मसार करने वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं. वार्ड क्रमांक 7 के इस आदिवासी बहुल गांव में पिछले एक महीने से बिजली गुल है, जिसके कारण गांव में पानी का भीषण संकट खड़ा हो गया है.
ग्रामीणों का आरोप है कि एक महीने पहले अज्ञात चोरों ने विद्युत केबल काट ली थी, जिसकी शिकायत बिजली विभाग से लेकर CM हेल्पलाइन 181 तक में की गई लेकिन आज तक केबल नहीं जोड़ी गई. गांव में सरकारी बोर तो है लेकिन बिजली न होने के कारण मोटर शोपीस बनी हुई है. मजबूरन ग्रामीण तपती धूप में दो किलोमीटर दूर जंगल की सूखी नदी में गड्ढा खोदकर उससे निकलने वाला गंदा पानी पीने को मजबूर हैं.
एक हजार की आबादी प्रभावित
वार्ड पार्षद आसमा देवी ने कहा कि वार्ड की लगभग एक हजार की आबादी बिजली और पानी से प्रभावित है लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है. बिजली विभाग के जेई फोन तक नहीं उठाते हैं और नगर परिषद के टैंकर भी कभी-कभी ही आते हैं. लोगों को पानी के लिए दूर जंगल जाना पड़ रहा है.
कलेक्टर ने दिया समाधान का भरोसा
मामला जब प्रशासन तक पहुंचा, तो कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने संज्ञान लेते हुए जल्द ही बिजली और पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने की बात कही. उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से उन्हें इसकी जानकारी मिली है. वह तत्काल समस्या का निराकरण करेंगे.
अब देखना यह होगा कि क्या कलेक्टर के आश्वासन के बाद इन आदिवासियों की प्यास बुझ पाएगी या इन्हें अभी और जहरीला पानी पीने के लिए अभिशप्त होना पड़ेगा.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.