Dhar Accident: धार सड़क हादसे में 15 की मौत, PM मोदी ने जताया शोक

Dhar Accident: धार सड़क हादसे में 15 की मौत, PM मोदी ने जताया शोक


Last Updated:

Dhar News: पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘मध्य प्रदेश के धार में हुए हादसे में लोगों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ. इस हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं.’

Zoom

धार सड़क हादसे पर पीएम मोदी ने शोक जताया है.

रिपोर्ट- नवीन महर, धार. मध्य प्रदेश के धार में बुधवार को तिरला के पास मजदूरों से भरा हुआ एक पिकअप वाहन पलट गया. इसमें करीब 35 से 40 लोग सवार थे. हादसे में 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. बाकी लोग घायल हैं. उनका इलाज चल रहा है. जैसे ही पिकअप वाहन पलटा, मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोग फौरन मदद करने के लिए दौड़े और घायलों को वाहन से बाहर निकाल अस्पताल ले जाने में मदद की. कुछ लोगों की मौत पर ही मौत हो चुकी थी. इस सड़क हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है. केंद्र सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. वहीं घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे. राज्य सरकार ने भी राहत राशि की घोषणा की है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सड़क हादसे पर शोक व्यक्त किया. पीएओ के एक्स अकाउंट पर पीएम मोदी की ओर से लिखा गया, ‘मध्य प्रदेश के धार में हुए हादसे में लोगों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ. इस हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं. PMNRF से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50000 रुपये दिए जाएंगे.’

कैसे हुआ हादसा?
बुधवार को मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अमझेरा की ओर जा रहा था. सभी मृतक अमझेरा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे. पिकअप वाहन में ज्यादातर मजदूर और बच्चे सवार थे. वे लोग मजदूरी करके वाहन से अपने घर लौट रहे थे. बताया जा रहा है कि वाहन पहले अनियंत्रित होकर पलट गया. इसके बाद सामने से आ रही स्कॉर्पियो कार से टकरा गया, जिससे हादसा भीषण हो गया.

राज्य सरकार ने की आर्थिक सहायता की घोषणा
घायलों को फौरन जिला अस्पताल भेजा गया. कुछ घायलों का निजी अस्पताल में भी इलाज चल रहा है. गंभीर रूप से तीन घायलों को इंदौर रेफर किया गया है. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दुर्घटना पर शोक जताया है. राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. सीएम ने कहा कि इंदौर संभागायुक्त और आईजी को उपचार व्यवस्था के लिए धार जाने के निर्देश दिए हैं. सभी घायलों का उपचार निशुल्क किया जाएगा. धार के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. वहीं तिरला थाना पुलिस घटना के असल कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link