Last Updated:
Jabalpur Cruise Accident: जबलपुर में सैलानियों से भरा क्रूज पलटने से बड़ा हादसा हो गया. हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लापता हैं. जीवित बचे मनोज सेन ने क्रूज स्टाफ की लापरवाही और स्थानीय लोगों की बहादुरी की दास्तां बयां की. जानें क्या कहा…
जबलपुर क्रूज हादसा पीड़ित.
Jabalpur News: जबलपुर बरगी बांध क्रूज हादसे में देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा. हादसे की खबर फैलते ही क्रूज यात्रियों के घरवाले परिचित भी मौके पर पहुंचने लगे थे. बचाए गए क्रूज यात्रियों से संपर्क कर उनके इलाज आदि की व्यवस्था में सभी लगे हुए थे. कुछ क्रूज यात्री ऐसे भी थे, जिनके परिजन अब भी लापता थे. ऐसे ही क्रूज यात्री मनोज सेन से न्यूज 18 रिपोर्टर ने बात की. उन्होंने जो बताया, वो रोंगटे खड़े कर देने वाला रहा…
एडमिशन की खुशी मनाने आए थे
क्रूज हादसे के पीड़ित मनोज सेन ने आपबीती सुनाई. मनोज अपनी पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे के साथ घूमने आए थे. उन्होंने बताया कि उनकी दोनों बेटियों का एमएलबी स्कूल में 11वीं कक्षा में एडमिशन हुआ था. बच्चों की जिद पर वे बरगी बांध घूमने आए थे. उन्हें क्या पता था कि यह खुशी कुछ ही पलों में गम में बदल जाएगी.
20 मिनट में पलट गया क्रूज
मनोज सेन के अनुसार, क्रूज पर सवार होने के लगभग 20-25 मिनट बाद अचानक मौसम खराब हो गया. क्रूज के निचले हिस्से में तेजी से पानी भरने लगा. देखते ही देखते पूरा क्रूज एक तरफ झुक गया और पलट गया. मनोज ने बताया, उस समय क्रूज पर लगभग 35 से 40 लोग सवार थे.
लापरवाही का आरोप
पीड़ित मनोज ने क्रूज प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि जब हादसा हुआ, तो कोई भी क्रू मेंबर बचाने के लिए आगे नहीं आया. बचाव के लिए कोई टीम मौजूद नहीं थी. लगभग 5 मिनट बाद कुछ स्थानीय लोग पहुंचे और उन्होंने डूबते हुए लोगों को बचाना शुरू किया. मनोज का मानना है कि क्रूज के इंजन में खराबी या खराब मेंटेनेंस की वजह से पानी भरा होगा.
पत्नी अब भी लापता
मनोज सेन और उनके तीनों बच्चे तो सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन उनकी पत्नी अब भी लापता हैं. बच्चों को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है. मनोज अपनी पत्नी की तलाश में अब भी नर्मदा के किनारे रेस्क्यू मेंबर्स की ओर टकटकी लगाए हैं.
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, क्रूज के लिए कुल 29 यात्रियों के टिकट जारी किए गए थे. इनमें से 15 यात्रियों को अब तक सुरक्षित बचा लिया गया है. दुखद रूप से 4 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है. शेष यात्रियों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर जारी है. मौके पर जबलपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक मौजूद हैं. एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर लगातार सर्चिंग कर रहे हैं.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें