Last Updated:
भोपाल के हनुमानगंज इलाके में युवक के साथ हुई बर्बर मारपीट और अमानवीय कृत्य के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकालकर सख्त संदेश दिया है
युवक को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा
राजधानी भोपाल में एक युवक के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार के मामले ने शहर को झकझोर कर रख दिया है. हनुमानगंज थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम थापा, रितिक यादव उर्फ लिल्ली और प्रिंस यादव के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, शबरी नगर निवासी जसवंत को उसका परिचित प्रेम थापा नादरा बस स्टैंड से बहाने से अपने साथ ले गया था. इसके बाद आरोपियों ने उसे भानपुर ब्रिज के पास एक सुनसान मैदान में ले जाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और अमानवीय कृत्य किया. घटना के बाद आरोपी फरार होने की फिराक में थे.अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रहे थे.
युवक से मारपीट मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस भी निकाला, जिससे आम जनता के बीच सख्त संदेश दिया जा सके कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों आरोपी कमला नगर थाना क्षेत्र के शबरी नगर के रहने वाले हैं.पहले से निगरानीशुदा बदमाश हैं. इनके खिलाफ हत्या, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में पहले से कई केस दर्ज हैं. इनके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस अब इस मामले को और गंभीरता से जांच रही है.
अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही
इस घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि पीड़ित को न्याय मिले. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.