अशोकनगर जिले के महू आलमपुर गांव में जादू-टोने और अंधविश्वास के शक में एक 55 वर्षीय व्यक्ति के साथ ग्रामीणों द्वारा मंदिर परिसर में मारपीट करने का मामला सामने आया है। मारपीट का वीडियो शुक्रवार रात से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित फूलसिंह कुशवाह की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, वहीं दूसरे पक्ष ने भी जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए थाने में आवेदन दिया है। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों को अंधविश्वास से दूर रहने की समझाइश देते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है और जांच शुरू कर दी है। मंदिर परिसर में घेरकर की लात-घूंसों से पिटाई जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल को राजपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराते हुए फूलसिंह कुशवाह (55) ने बताया कि शाम करीब 5 बजे वह मंदिर पर मौजूद थे। तभी गांव के चंदू कुशवाह, राहुल कुशवाह और केशरबाई कुशवाह वहां आए और उन पर घर की बच्चियों पर “करतब” (जादू-टोना) करने का आरोप लगाने लगे। फूलसिंह द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर उन्हें घेर लिया और लात-घूंसों से जमकर पिटाई की। मारपीट से फूलसिंह को सिर, घुटने और पैर में चोटें आई हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर फूलसिंह का मेडिकल परीक्षण कराया है। दूसरे पक्ष का आरोप- शादी में आने के बाद परेशान हुईं बच्चियां घटना के बाद दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को अपना आवेदन सौंपा है। उनका आरोप है कि फूलसिंह उनके घर एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। उस दिन के बाद से ही परिवार की बच्चियां परेशान रहने लगीं। दूसरे पक्ष का दावा है कि फूलसिंह के जादू-टोना करने के कारण ही बच्चियों को यह परेशानी हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें सुनने के बाद स्पष्ट किया कि जादू-टोना जैसी बातें पूरी तरह अंधविश्वास हैं। फिलहाल, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
Source link