MP-CG NEWS LIVE: मंडला में दर्दनाक हादसा, बाइक सवार की मौत, पूर्व विधायक की कार से टक्कर

MP-CG NEWS LIVE: मंडला में दर्दनाक हादसा, बाइक सवार की मौत, पूर्व विधायक की कार से टक्कर


MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें… 

मंडला में दर्दनाक हादसा, बाइक सवार की मौत, पूर्व विधायक की कार से टक्कर
मंडला जिले में नेशनल हाईवे-30 पर ग्राम सिझोरा के पास देर रात सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बाइक सवार की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, भाजपा के पूर्व विधायक पंडित सिंह धुर्वे की कार ने बिछिया से अपने घर जा रहे बाइक सवार राम साहू (चौरंगा गांव निवासी) को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में राम साहू की मौके पर ही मौत हो गई. घटना बिछिया थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

प्रवीण शर्मा बने युवा आयोग के अध्यक्ष, ABVP से मिली बड़ी जिम्मेदारी
भोपाल में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के मध्य प्रांत के पूर्व संगठन मंत्री प्रवीण शर्मा को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है. उन्हें युवा आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. प्रवीण शर्मा ABVP में मालवा और मध्य प्रांत संगठन मंत्री रह चुके हैं और युवाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है. बताया जा रहा है कि उन्होंने संगठन में रहते हुए बड़ी संख्या में युवाओं को जोड़ा है.

दुर्ग में धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है. पहले मामले में वैशाली नगर पुलिस ने भिलाई के रामनगर मुक्तिधाम क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को धमका रहा था. सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. दूसरे मामले में सिटी कोतवाली और भिलाई-3 पुलिस ने अवैध शराब बिक्री में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके कब्जे से 70 पौआ शराब भी जब्त की गई है.

दुर्ग में बड़ी कार्रवाई, गांजा तस्कर की ₹8 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
दुर्ग में अवैध गांजा बिक्री से अर्जित करोड़ों की संपत्ति पर बड़ी कार्रवाई की गई है. आदतन गांजा तस्कर मनोज साहू की लगभग 8 करोड़ रुपये मूल्य की 16.68 एकड़ कृषि भूमि को फ्रीज कर दिया गया है. यह कार्रवाई सफेमा कोर्ट, मुंबई के आदेश पर हुई है. दुर्ग पुलिस ने इस मामले में प्रकरण तैयार कर न्यायालय में पेश किया था. आरोपी पिछले 25 वर्षों से गांजा तस्करी में सक्रिय बताया जा रहा है और उसके खिलाफ धमधा थाना में 16 मामले दर्ज हैं.

बिलासपुर हाईकोर्ट का अहम फैसला, रिश्तेदारी वाली शादी को बताया अवैध
बिलासपुर हाईकोर्ट ने जांजगीर-चांपा के एक मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए मौसी की बेटी से की गई शादी को अवैध घोषित कर दिया है. मामला 2018 का है, जब एक युवक ने अपनी मौसी की बेटी से शादी की थी. बाद में विवाद होने पर उसने फैमिली कोर्ट में शादी को शून्य घोषित करने की मांग की थी. हाईकोर्ट ने साफ किया कि दोनों की माताएं सगी बहनें होने के कारण यह विवाह कानूनन वैध नहीं है. हालांकि, कोर्ट ने यह भी कहा कि शादी रद्द होने के बाद भी महिला को गुजारा भत्ता पाने का अधिकार रहेगा.

रायपुर में सुशासन तिहार 2026 का आगाज, शिविरों में तुरंत समाधान
रायपुर में सुशासन तिहार 2026 का आगाज हुआ, जिसके तहत शिविरों में आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है. कूंरा नगर पंचायत में 196 में से 136 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि अभनपुर के कठिया में 779 में से 588 आवेदनों का तुरंत समाधान हुआ. शिविरों में आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, बीज और जॉब कार्ड सहित कई योजनाओं का लाभ दिया गया. प्रशासन ने बाकी आवेदनों का भी जल्द निराकरण करने का आश्वासन दिया है.

गोंदिया-डोंगरगढ़ सेक्शन में मेगा ब्लॉक, 40 ट्रेनें प्रभावित
बिलासपुर रेल मंडल के गोंदिया-डोंगरगढ़ सेक्शन में मेगा ब्लॉक के चलते 3 से 22 मई तक 40 ट्रेनों पर असर पड़ेगा. इनमें 18 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि कई ट्रेनों के मार्ग बदल दिए गए हैं और कुछ को बीच में ही खत्म किया जाएगा. रायपुर-इतवारी और झारसुगड़ा-गोंदिया रूट भी प्रभावित रहेगा. रेलवे ने यात्रियों से वैकल्पिक व्यवस्था अपनाने और यात्रा से पहले जानकारी लेने की अपील की है.

रायपुर से बिलासपुर रवाना होंगे सीएम साय, ऑल इंडिया महिला हॉकी मैच देखेंगे
रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बिलासपुर जिले के दौरे पर रहेंगे. वे दोपहर 3:20 बजे रायपुर से रवाना होकर बिलासपुर में आयोजित ऑल इंडिया महिला हॉकी टूर्नामेंट का अवलोकन करेंगे और महिला हॉकी प्रतियोगिता देखेंगे. कार्यक्रम के बाद वे शाम 5 बजे बिलासपुर से रायपुर के लिए वापस रवाना होंगे.

उज्जैन में संत को धमकी का मामला, पुलिस ने साइबर जांच शुरू की
उज्जैन के महाकाल थाना क्षेत्र में चारधाम मंदिर के संत रामस्वरूप ब्रह्मचारी को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकियां मिलने का मामला सामने आया है. संत ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि रामनवमी के दौरान हैदराबाद में दिए गए उनके एक भाषण के बाद इंस्टाग्राम सहित सोशल मीडिया पर उन्हें निशाना बनाया गया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और साइबर टीम भी मामले की पड़ताल में जुटी है.

धमतरी में आईपीएल सट्टे पर पुलिस का बड़ा एक्शन, दो सटोरिये गिरफ्तार
धमतरी में कोतवाली पुलिस ने आईपीएल सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो सटोरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और 36 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं. मामले में आगे की जांच जारी है.

मुंगेली जिले में डिप्टी सीएम अरुण साव का दौरा
मुंगेली जिले में डिप्टी सीएम अरुण साव आज सुबह लोरमी नगर का दौरा करेंगे। वे सभी वार्डों का बाइक से भ्रमण कर विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे आम लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं भी सुनेंगे और उनके समाधान की प्रक्रिया सुनिश्चित करेंगे।

उज्जैन में धोखाधड़ी का बड़ा खुलासा, ₹1.80 करोड़ के 20 ट्रैक्टर बरामद
उज्जैन जिले के थाना भाटपचलाना पुलिस ने किसानों से ट्रैक्टरों की धोखाधड़ी करने वाले शातिर आरोपी रफीक को गिरफ्तार किया है. आरोपी किसानों को अधिक मासिक किराया देने का लालच देकर उनके ट्रैक्टर हड़प लेता था और बाद में उन्हें अन्य जिलों में बेच या गिरवी रख देता था. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान उज्जैन, इंदौर, धार और रतलाम से कुल 20 ट्रैक्टर (कीमत लगभग ₹1.80 करोड़) बरामद किए हैं. आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है.

भोपाल में सीएम मोहन यादव, ग्रीन बिल्डिंग सेमिनार में होंगे शामिल, अफसरों संग करेंगे मंथन
भोपाल में आज मुख्यमंत्री मोहन यादव का व्यस्त कार्यक्रम रहेगा. सुबह 11 बजे वे कुशाभाऊ ठाकरे हॉल पहुंचेंगे, जहां राष्ट्रीय सेमिनार “इनोवेशन्स इन ग्रीन बिल्डिंग प्रैक्टिसेस” में शामिल होंगे. इस सेमिनार में निर्माण क्षेत्र में कार्बन फुटप्रिंट को कम करने के उपायों पर मंथन किया जाएगा. साथ ही 3D प्रिंटिंग, स्मार्ट ग्लास और पुनर्नवीनीकरण सामग्री जैसी नई निर्माण तकनीकों पर भी चर्चा होगी. भवन निर्माण में सौर ऊर्जा, प्राकृतिक रोशनी और बेहतर वेंटिलेशन के अधिकतम उपयोग के साथ-साथ वर्षा जल संचयन और अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण प्रणालियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाएगा. इसके बाद वे दोपहर 12:20 बजे निवास पहुंचेंगे. फिर 1:30 बजे अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान, भोपाल में अधिकारियों के साथ लगभग तीन घंटे तक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे. शाम 4:25 बजे वे फिर अपने निवास पर लौटेंगे.

रायसेन में सड़क हादसा, युवती को टक्कर मार फरार हुआ चालक गिरफ्तार
रायसेन के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित शीतल सिटी के सामने एक पिकअप वाहन ने एक युवती को टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया गया. बाद में पिकअप वाहन और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया.

गुड्डी आदिवासी बनीं सहरिया विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष, समाज में खुशी की लहर
मध्य प्रदेश की प्रमुख आदिवासी आबादी सहरिया समाज के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. गुड्डी आदिवासी को राज्य स्तरीय सहरिया विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.इस नियुक्ति को सहरिया समाज के विकास और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.



Source link