किसान बने टारगेट! 1.8 करोड़ की चपत, 4 जिलों के 20 ट्रैक्टर समेत ठग गिरफ्तार

किसान बने टारगेट! 1.8 करोड़ की चपत, 4 जिलों के 20 ट्रैक्टर समेत ठग गिरफ्तार


Last Updated:

उज्जैन जिले में किसानों के साथ ट्रैक्टर धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है. आरोपी ने किराये का लालच देकर किसानों के ट्रैक्टर हड़प लिए और उन्हें दूसरे जिलों में बेच दिया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 ट्रैक्टर जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है. मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

उज्‍जैन पुलिस ने शातिर ठग को गिरफ्तार किया है.

उज्जैन. मध्‍य प्रदेश के कई जिले में किसानों के साथ बड़े स्तर पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां एक शातिर आरोपी  रफीक पटेल ने मासिक किराया देने का लालच देकर किसानों के ट्रैक्टर हड़प लिए. आरोपी ने अलग-अलग जिलों के भोले-भाले किसानों को निशाना बनाते हुए करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये के ट्रैक्टर अपने कब्जे में ले लिए. इस पूरे मामले का खुलासा भाटपचलाना थाना पुलिस की कार्रवाई में हुआ, जिसने आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी संख्या में ट्रैक्टर बरामद किए हैं. पुलिस का कहना है कि ट्रैक्‍टर या अन्‍य कोई वाहन देने से पहले पूरी तरह जांच पड़ताल कर लें और फिर कोई फैसला करें.

एसडीओपी आकांक्षा बेछोटे ने बताया कि यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि आरोपी लंबे समय से किसानों को झांसा देकर उनकी मेहनत की कमाई से खरीदे गए ट्रैक्टरों को ठिकाने लगा रहा था. किराया देने का वादा करने के बाद वह ट्रैक्टर लेता था, लेकिन उसके बाद वह ना तो भुगतान करता था और ना ही ट्रैक्टर लौटाता था. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी इन ट्रैक्टरों को दूसरे जिलों में बेच देता था या गिरवी रख देता था.

किराये का लालच, फिर ठगी का खेल
एसडीओपी आकांक्षा बेछोटे के अनुसार आरोपी रफीक पटेल ग्रामीण इलाकों के किसानों को टारगेट करता था. वह उन्हें ट्रैक्टर पर ज्यादा मासिक किराया देने का लालच देता था. भरोसा जीतने के बाद वह ट्रैक्टर अपने कब्जे में ले लेता था. इसके बाद वह किसानों से संपर्क तोड़ देता था.

कई जिलों में फैला था नेटवर्क
जांच में सामने आया कि आरोपी उज्जैन के अलावा इंदौर, धार और रतलाम जिलों में भी सक्रिय था. वह अलग-अलग गांवों में जाकर किसानों से संपर्क करता था और इसी तरीके से ठगी करता था. इससे कई जिलों के किसान प्रभावित हुए. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है. संभावना है कि इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं. ट्रैक्टरों की खरीद-फरोख्त और नेटवर्क की जांच की जा रही है.

20 ट्रैक्टर जब्त, करोड़ों का खुलासा
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20 ट्रैक्टर जब्त किए हैं. इनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये बताई जा रही है. यह कार्रवाई एसडीओपी आकांक्षा बेछोटे के निर्देशन में की गई.

तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर से मिला सुराग
भाटपचलाना थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को ट्रेस किया गया. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से रिमांड लिया गया है. आरोपी काफी शातिर तरीके से काम करता था. वह लगातार अपने मोबाइल नंबर बदलता था और बताए गए पते पर नहीं मिलता था. इससे पुलिस को उसे पकड़ने में समय लगा.

About the Author

Sumit verma

सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्‍थानों में सजग जिम्‍मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें



Source link