Last Updated:
गुना में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 चोरी के मामलों में शामिल मास्टरमाइंड हउआ और उसके साथी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों से 5 लाख रुपये के जेवर और नगदी बरामद की है. यह चोरी उस समय हुई थी जब परिवार शादी में गया हुआ था. तीसरे आरोपी की तलाश जारी है.
गुना पुलिस ने चोरी के मामले का बड़ा खुलासा किया है.
गुना. कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है. 16 आपराधिक मामलों में शामिल मास्टरमाइंड हउआ को उसके साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और नगदी बरामद की है. इस कार्रवाई ने हाल के दिनों में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर बड़ा ब्रेक लगाया है. पुलिस का दावा है कि यह गिरफ्तारी शहर में सक्रिय चोरी के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में अहम कदम है.
एसपी हितिका वासल के अनुसार जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से शहर और आसपास के इलाकों में सक्रिय थे. हउआ पर पहले से 16 गंभीर मामले दर्ज हैं और वह कई मामलों में फरार चल रहा था. इस गिरफ्तारी से पुलिस को उम्मीद है कि शहर में हुई अन्य वारदातों के भी खुलासे हो सकते हैं. फिलहाल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है, जो इस गिरोह का अहम हिस्सा बताया जा रहा है.
शादी में खाली घर को बनाया निशाना
कोतवाली क्षेत्र के सुदामा कॉलोनी निवासी हेमंत भार्गव के घर यह वारदात हुई थी. परिवार शादी समारोह में गया हुआ था. रविवार और सोमवार की दरमियानी रात बदमाशों ने सूने मकान का ताला तोड़ा. घर में रखे गहने, डेढ़ लाख रुपये नगद और दीवार पर टंगी दो कीमती तलवारें तक चोरी कर ली गईं.
सीसीटीवी और मुखबिर से खुली परतें
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया. जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान हुई. इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल की.
आदतन अपराधी निकला मास्टरमाइंड
पकड़ा गया मुख्य आरोपी हउआ पुलिस रिकॉर्ड में आदतन अपराधी है. उस पर पहले से 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह एक अन्य मामले में लंबे समय से फरार था. उसके साथी छोटू नामदेव को भी पुलिस ने दबोच लिया है. दोनों से कड़ी पूछताछ के बाद चोरी का अधिकांश माल बरामद किया गया.
तीसरे आरोपी की तलाश जारी
एसपी हितिका वासल के अनुसार इस गिरोह में तीन सदस्य शामिल थे. दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं. संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान शहर में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के सुराग मिल सकते हैं. आरोपी संगठित तरीके से वारदात को अंजाम देते थे. यह गिरफ्तारी शहर में कानून व्यवस्था के लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है.
About the Author
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें