Last Updated:
Rajgarh News: राजगढ़ में किन्नर बनकर अवैध वसूली कर रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया. शक होने पर जब पचोर से असली किन्नरों को बुलाकर तस्दीक की गई, तो युवकों की पोल खुल गई. इसके बाद जो हुआ…
Rajgarh News: राजगढ़ के संडावता के पास स्थित खंजरपुर गांव में फर्जीवाड़ा कर रहे दो युवकों को ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा. ये युवक किन्नर का भेष धारण कर गांव में अवैध वसूली कर रहे थे. नकली किन्नर का शक होने पर ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ा और उनकी जमकर धुनाई कर दी. यही नहीं, उनकी पहचान के लिए मौके पर असली किन्नरों को भी बुलाया गया. इस पूरी घटना का वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.
महिलाओं से छेड़छाड़ का आरोप
बताया जा रहा कि ये दोनों युवक गांव में घर-घर जाकर लोगों से पैसों की मांग कर रहे थे. वसूली के दौरान उन्होंने कुछ महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ भी की. युवकों की संदिग्ध हरकतों ने ग्रामीणों को चौकन्ना कर दिया. शक गहराने पर जब ग्रामीणों ने उनसे पूछताछ शुरू की, तो वे घबरा गए और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए.
असली किन्नरों ने मौके पर की पहचान
मामले की वास्तविकता जानने के लिए ग्रामीणों ने पचोर से असली किन्नर समाज के सदस्यों को मौके पर बुलाया. वहां पहुंचकर असली किन्नरों ने साफ कर दिया कि इन दोनों युवकों का उनके समाज से कोई संबंध नहीं है और वे पूरी तरह नकली हैं.
दो घंटे तक चला हंगामा
पोल खुलते ही असली किन्नरों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. उन्होंने दोनों नकली किन्नरों को चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया और उन्हें कड़ी फटकार लगाई. गांव में करीब दो घंटे तक अफरातफरी का माहौल बना रहा और तमाशबीनों की भारी भीड़ जुटी रही.
वीडियो बनाकर लोगों को किया आगाह
किन्नर समाज के लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी रिकॉर्ड किया. उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि कहीं भी इस तरह के नकली किन्नर दिखाई दें, तो तुरंत इसकी सूचना दें. पकड़े गए दोनों आरोपी जीरापुर की इंदर कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे.
माफीनामा और अंतिम चेतावनी
हंगामे के बाद दोनों युवकों से सरेआम माफी मंगवाई गई. उन्हें शपथ दिलाई गई कि वे भविष्य में दोबारा इस तरह का ढोंग या अपराध नहीं करेंगे. किन्नर समाज ने सख्त चेतावनी दी कि यदि वे फिर कभी ऐसी हरकत करते पकड़े गए, तो उन्हें सीधे पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा. फिलहाल, यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें