नीमच जिले के रामपुरा क्षेत्र में शनिवार को दोपहर एक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। यह दुर्घटना बैसला और बुज गांव के बीच हुई, जब एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, बैसला निवासी कृष्ण कहार अपनी बाइक से नानू बाई कहार के साथ जा रहे थे। इसी दौरान बैसला और बुज के बीच पशु आहार से लदे एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिकअप की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे बाइक सवार को संभलने का मौका नहीं मिला। महिला गंभीर हालत में रेफर टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार कृष्ण कहार की मौके पर ही मौत हो गई। नानू बाई कहार गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घायल नानू बाई को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए नीमच जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। महिला के शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। वाहन छोड़कर चालक फरार हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन रावली कुड़ी की ओर जा रहा था। सूचना मिलने पर रामपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद बैसला गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
Source link