मंदसौर जिले की भानपुरा थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत कार्रवाई करते हुए 11 फरवरी से लापता 16 वर्षीय नाबालिग को महाराष्ट्र के पुणे से सुरक्षित बरामद किया है। पुलिस ने तीन राज्यों में दबिश और 250 सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद नाबालिग को अगवा करने वाले 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी जेकी (21) को शुक्रवार को इंडस्ट्रियल एरिया से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल महिला पुलिस अधिकारी नाबालिग से पूछताछ कर रही हैं, जिसके बाद बाल कल्याण समिति (CWC) की काउंसलिंग के माध्यम से उसे परिजनों को सौंपा जाएगा। 11 फरवरी को गुलाब नगर से हुई थी लापता 11 फरवरी 2026 को ग्राम गुलाब नगर (कैथुली) निवासी एक महिला ने थाने में अपनी 16 वर्षीय बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों ने शंका जताई थी कि जेकी पिता मंगल उर्फ मंगा भील उसे बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। इस पर भानपुरा पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2) के तहत केस (अपराध क्रमांक 46/2026) दर्ज किया था। एसपी विनोद कुमार मीना ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी और बालिका की बरामदगी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 3 टीमें बनीं, गुजरात-राजस्थान के 8 शहरों में की तलाश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर भानपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक रमेशचन्द्र दांगी के नेतृत्व में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व मानवीय साक्ष्य जुटाए। टीमों ने गुजरात के गांधीनगर, सूरत, गांधीधाम, अहमदाबाद, कच्छ, भुज और राजस्थान के सांचोर में तलाश की। लगातार प्रयास के बाद मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी नाबालिग को लेकर महाराष्ट्र के पुणे स्थित एक इंडस्ट्रियल एरिया में है। पुणे में दबिश देकर किया गिरफ्तार पुणे की लोकेशन मिलते ही पुलिस टीम तुरंत वहां पहुंची और इंडस्ट्रियल एरिया में दबिश देकर शुक्रवार को आरोपी जेकी को पकड़ लिया। पुलिस ने नाबालिग को भी आरोपी के कब्जे से सुरक्षित निकाल लिया है। पुलिस के अनुसार, बरामद बालिका के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और न्यायालय में प्रस्तुत कर परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।
Source link