Last Updated:
PSL 2026 Final: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 की दो फाइनलिस्ट टीमें तय हो गई है. दूसरे एलिमिनेटर मैच में हैदराबाद किंग्समैन की टीम ने इस्लामाबाद यूनाइटेड को रोमांचक मुकाबले में 2 रन से हराया. टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 3 मई को अब हैदराबाद और पेशावर जाल्मी के बीच खेला जाएगा. पेशावर ने क्वालिफायर में जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई थी.
पीएसएल 2026 के फाइनल में पहुंची हैदराबाद किंग्समैन
नई दिल्ली: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के दूसरे एलिमिनेटर में हैदराबाद किंग्समैन ने इस्लामाबाद यूनाइटेड को सिर्फ 2 रन से हराया. इस जीत के साथ ही हैदराबाद की टीम पीएसएल के फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनी है और अब उसका सामना 2 मई को पेशावर जाल्मी के साथ होगा. मार्नस लाबुशेन की कप्तानी वाली हैदराबाद का पीएसएल में ये डेब्यू सीजन था. अपने डेब्यू सीजन में ही हैदराबाद ने फाइनल में जगह पक्की कर ली. सिर्फ इतना ही नहीं, टीम ने आईपीएल की पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस जैसा एक बड़ा कारनामा भी किया.
दरअसल, पीएसएल 2026 में हैदराबाद की टीम ने शुरुआत के अपने चार मैच गंवाए थे. इस निराशाजनक प्रदर्शन के बाद ये कहा जा रहा था कि ये टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाएगी, लेकिन टीम के खिलाड़ियों ने हार नहीं मानी. शुरू के चार मैच हारने के बावजूद उन्होंने दमदार वापसी की और अब फाइनल में पहुंचे. ऐसा ही साल 2015 के आईपीएल में भी हुआ था, जब रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने अपने पहले चार गंवाए थे, लेकिन टीम ने दमदार वापसी करते हुए न सिर्फ फाइनल में एंट्री मारी बल्कि चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर खिताब भी अपने नाम किया था.
हैदराबाद ने की मैच में बल्लेबाजी
एलिमिनेटर-2 में इस्लामाबाद यूनाइटेड के खिलाफ हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी की थी. टीम की शुरुआत बहुत ही खराब रही और उसने सिर्फ 1 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया. इसके बाद कप्तान लाबुशेन और सैम अयूब ने मिलकर पारी को संभाला. लाबुशेन ने 27 गेंद में 39 रनों की पारी खेली, जबकि सैम अयूब ने 38 रनों का योगदान दिया. इन दोनों के आउट के बाद 5वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए उस्मान खान ने 30 गेंद में 61 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. वहीं कुसल परेरा ने भी 37 रन बनाए, जिससे हैदराबाद की टीम निर्धारित 20 ओवर के खेल में 5 विकेट के नुकसान पर 186 रन का स्कोर खड़ा किया.
हैदराबाद के इस स्कोर के जवाब में इस्लामाबाद की शुरुआत भी अच्छी नहीं हुई थी. टीम ने सिर्फ 15 रन के स्कोर पर 2 विकेट गंवा दिए थे. हालांकि, इसके बाद मार्क चापमैन (43), कप्तान शादाब खान (22), हैदर अली (31), क्रिस ग्रीन (21) और फहीम अशरफ ने 19 रनों का योगदान दिया, लेकिन इसके बावजूद टीम लक्ष्य से 2 रन दूर रह गई है. इस्लामाबाद को अंतिम ओवर में 6 रन बनाने थे, लेकिन हैदराबाद के गेंदबाज हुनैन हसन ने इसे डिफेंड कर अपनी टीम को रोमांचक जीत दिलाई. हुनैन को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.
About the Author
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें