Last Updated:
जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है. 60 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी लापता लोगों की तलाश पूरी कर ली गई. हादसे में 4 बच्चे और 8 महिलाएं शामिल हैं. तेज आंधी के कारण क्रूज डूबा था. घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है.
जबलपुर हादसे के बाद बरगी डैम साइट पर क्रूज के टुकड़े पड़े हुए है.
श्रीनिवास चौधरी
जबलपुर. बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है. इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है और लगभग 60 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद सभी लापता लोगों की तलाश पूरी कर ली गई है. रविवार सुबह लापता 39 वर्षीय कामराज आर. का शव मिलने के साथ ही रेस्क्यू अभियान समाप्त घोषित कर दिया गया. इससे पहले उनके 8 वर्षीय भतीजे मयूरन का शव भी बरामद हुआ था. इस हादसे में 8 महिलाएं, 4 बच्चे और एक पुरुष की मौत हुई. हालांकि प्रशासनिक रिकॉर्ड के अनुसार लापता 13 सैलानियों के शव मिलने के बाद भी सर्चिंग और रेस्क्यू ऑपरेशन आज जारी रहेगा.
30 अप्रैल को तेज आंधी और हवाओं के बीच क्रूज के पलटने से यह हादसा हुआ था. जानकारी के मुताबिक मौसम अचानक बिगड़ गया था और तेज हवाओं के कारण क्रूज असंतुलित होकर डूब गया. हादसे के बाद तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसमें NDRF और SDRF की टीमों ने लगातार अभियान चलाया. करीब 60 घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद सभी लापता लोगों को खोज लिया गया. मौतों का आंकड़ा बढ़ने से दुख और गहरा गया.
चौथे दिन मिले चाचा-भतीजे के शव
रेस्क्यू ऑपरेशन के चौथे दिन कामराज और उनके भतीजे मयूरन के शव बरामद हुए. इससे पहले शनिवार शाम को अन्य शव मिले थे. लगातार सर्च ऑपरेशन के बाद सभी लापता लोगों का पता लगाया जा सका. हादसे में तमिलनाडु के त्रिची से आए एक परिवार को सबसे बड़ा नुकसान हुआ. परिवार के कई सदस्य इस हादसे का शिकार हो गए. कामराज अपने परिवार के साथ घूमने आए थे, लेकिन यह सफर उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा हादसा बन गया.
दो बच्चों की बची जान
इस हादसे में एक ही परिवार के दो बच्चे चमत्कारिक रूप से बच गए. 10 वर्षीय पूवीथरन लहरों के सहारे किनारे तक पहुंच गया और रस्सी की मदद से उसे बचा लिया गया. उसकी 12 वर्षीय कजन भी सुरक्षित बच गई. दोनों बच्चों के बयान से हादसे की भयावहता सामने आई है.
विशेष विमान से भेजे गए शव
मृतकों के परिजनों की मांग पर प्रशासन ने शवों को उनके गृह राज्य भेजने की व्यवस्था की. दो महिला पर्यटकों के शव विशेष विमान से तमिलनाडु भेजे गए.
तेज आंधी के कारण क्रूज हुआ असंतुलित, पानी भरा और हादसा हो गया
जबलपुर जिले में स्थित बरगी बांध में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. तेज आंधी चलने से पर्यटकों से भरा एक क्रूज अचानक असंतुलित होकर डूब गया. बरगी बांध में प्रतिदिन शाम को मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग का क्रूज पर्यटकों को लहरों की सवारी कराता है. गुरुवार की शाम को लगभग साढ़े पांच बजे क्रूज पर्यटकों को लेकर बांध की लहरों के बीच आगे बढ़ रहा था, तभी अचानक मौसम खराब हो गया. औसतन 40 किमी प्रतिघंटा की गति से हवा चली. तेज हवाओं के चलते क्रूज में पानी भरने लगा और कुछ ही देर में वह नियंत्रण खोकर डूब गया. हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. कई यात्री जान बचाने के लिए पानी में कूद गए. जानकारी के मुताबिक क्रूज में सवार पर्यटक अचानक आई तेज आंधी और हवाओं की चपेट में आ गए. सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं थे और क्रूज संतुलन खो बैठा.
About the Author
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें