दमोह कलेक्टर बोले- गेहूं खरीदी में कोई पैसा न मांगे: शिकायत पर कार्रवाई होगी, वसूली करने वाले समिति प्रबंधक और कर्मचारियों पर FIR – Damoh News

दमोह कलेक्टर बोले- गेहूं खरीदी में कोई पैसा न मांगे:  शिकायत पर कार्रवाई होगी, वसूली करने वाले समिति प्रबंधक और कर्मचारियों पर FIR – Damoh News




दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने गेहूं उपार्जन केंद्रों पर मिल रही शिकायतों के बाद रविवार शाम को सख्त रुख अपनाया। कलेक्टर ने स्पष्ट आदेश दिए हैं कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शनिवार को किए गए निरीक्षण में गड़बड़ी मिलने के बाद कलेक्टर ने दोषियों के खिलाफ सीधे पुलिस कार्रवाई के निर्देश दिए। वेयरहाउस मालिक विशाल पटेल, समिति प्रबंधक अशोक पटेल, ऑपरेटर और चौकीदार प्रवीण दुबे पर एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। निरीक्षण में सामने आई बड़ी धांधलियां कलेक्टर के सामने किसानों ने अपनी परेशानियां रखीं, जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। शासन के नियमों के बावजूद किसानों से तुलाई के नाम पर अलग से पैसे मांगे जा रहे थे। इसके अलावा, सैंपल के नाम पर किसानों से 5 किलो अतिरिक्त गेहूं लिया जा रहा था। वेयरहाउस मालिक और पल्लेदार मिलकर ज्यादा तौल करने का दबाव बना रहे थे। पर्ची वितरण में भी भारी लापरवाही सामने आई, जहां 24 अप्रैल की पर्ची 2 मई तक नहीं बनाई गई थी। चंपत पिपरिया केंद्र का स्टाफ बदला चंपत पिपरिया केंद्र में अव्यवस्थाएं थीं। जगह की कमी और कर्मचारियों की मनमानी को देखते हुए कलेक्टर ने वहां का पूरा स्टाफ हटाकर नए समिति प्रबंधक और ऑपरेटर नियुक्त कर दिए हैं। साथ ही, अब वहां एक बड़े परिसर में उपार्जन का कार्य शुरू कराया गया है ताकि किसानों को कतारों में न लगना पड़े और कार्य सुचारू रूप से चल सके। किसानों के लिए प्रशासन का संदेश कलेक्टर ने किसानों से अपील की है कि वे किसी को भी अतिरिक्त पैसा या अनाज न दें। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी गड़बड़ी या पैसे की मांग होने पर किसान तुरंत कंट्रोल रूम में शिकायत करें। इसके साथ ही, केंद्रों पर भीषण गर्मी को देखते हुए छाया और ठंडे पानी के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित अन्य विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे।



Source link