ग्वालियर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भीषण गर्मी और उमस के बीच सोमवार को सुबह से आसमान में बादल छाए हैं और तेज हवा चल रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में शहर और आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना जताई है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले रविवार को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ था। बादलों के कारण धूप की तीव्रता कुछ कम रही, लेकिन उमस बनी रही। सुबह 8:30 बजे तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो सामान्य से अधिक माना जा रहा है। वेस्टर्न सिस्टम के कारण मौसम में आ रहा बदलाव दिन चढ़ने के साथ तापमान में तेजी से वृद्धि हुई और अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर भारत में सक्रिय वेस्टर्न सिस्टम के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी के प्रभाव से ग्वालियर सहित आसपास के जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
Source link