छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम महाराजगंज में मंदिर के लिए चंदा मांगने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि उसने हिंसक रूप ले लिया। दो क्विंटल गेहूं का दान न दे पाने पर गांव के कुछ दबंगों ने एक ही परिवार के पांच लोगों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस घटना में महिलाएं और किशोर समेत सभी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय कुरा अहिरवार अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के श्याम पटेल, हरदयाल पटेल, कृपाल पटेल, राजा भैया पटेल और श्रीपत पटेल उनके घर पहुंचे और मंदिर के लिए दो क्विंटल गेहूं देने की मांग करने लगे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कुरा अहिरवार ने एक क्विंटल गेहूं देने की बात कही, जिससे आरोपी भड़क गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर अचानक लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में कुरा अहिरवार (55), उनकी पत्नी गिरजा अहिरवार (53), पुत्र वीरेंद्र अहिरवार (26), अमर अहिरवार (15) और रिश्तेदार छिद्दी अहिरवार (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन घायलों को लेकर सीधे सिविल लाइन थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और सभी को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा। आरोपी गिरफ्तार, वीडियो भी आया सामने.. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी श्याम लाल पटेल, हरदयाल पटेल, कृपाल पटेल और राजा भैया पटेल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
Source link