पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में भाजपा की जीत: सिंगरौली में जश्न, मंत्री राधा सिंह ने इसे विकास-विश्वास की जीत बताया – Singrauli News

पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में भाजपा की जीत:  सिंगरौली में जश्न, मंत्री राधा सिंह ने इसे विकास-विश्वास की जीत बताया – Singrauli News




पश्चिम बंगाल समेत देश के कई राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद सिंगरौली जिले में भी उत्साह का माहौल देखा गया। चुनाव परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाना शुरू कर दिया। जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय विंध्य नगर रोड से लेकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों तक खुशी का माहौल छा गया। इस दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह और देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम सहित सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की। पूरे शहर में “जय श्री राम” और “भारत माता की जय” के नारे गूंज उठे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस जीत को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यह पार्टी की नीतियों और नेतृत्व पर जनता के विश्वास का परिणाम है। इस अवसर पर जगह-जगह आतिशबाजी भी की गई, जिससे उत्सव का माहौल और अधिक रंगीन हो गया। राज्य मंत्री राधा सिंह ने इस अवसर पर कहा कि यह जीत भाजपा के विकास और विश्वास की जीत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पश्चिम बंगाल में बदलाव की लहर चल चुकी है और जनता ने लंबे समय बाद भाजपा को समर्थन देकर एक नया इतिहास रचा है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि अब प्रदेश में सुशासन और विकास की नई दिशा देखने को मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया। सभी ने एकजुट होकर इस जीत को आगामी चुनावों के लिए शुभ संकेत बताया और संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।



Source link