भास्कर संवाददाता | बासवा क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी व उमस के बीच रविवार को बिजली कटौती ने ग्रामीणों की मुसीबत और बढ़ा दी। सनावद ग्रिड का पावर ट्रांसफार्मर अचानक फेल होने से सुबह 8 से दोपहर 1 बजे तक बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद रही। 5 घंटे तक बिजली गुल रहने से गांव सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। लोग उमस व पसीने से तरबतर होकर घरों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए। ग्रामीण मानसिंह पंवार, गुरुसेवक पटेल व लखन निहाल ने बताया क्षेत्र में पारा 42 से 43 डिग्री तक पहुंच गया है। ऐसे में बिजली गुल होना किसी सजा से कम नहीं है। भीषण गर्मी से बचने के लिए कई बुजुर्ग व बीमार लोग पेड़ों की छांव में खटिया डालकर आराम करते नजर आए। दोपहर तक सप्लाई बहाल न होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। भगवान बागड़ा व आनंदराम सेजगाया ने कहा- चिलचिलाती धूप व उमस के चलते घरों के अंदर रुकना मुश्किल हो गया है, इसके कारण लोग पेड़ों की शरण लेकर गर्मी से निजात पाने की कोशिश कर रहे हैं। बिजली कंपनी के ट्रांसफार्मर सुधारने के बाद दोपहर में सप्लाई सुचारू हो सकी।
Source link