शाजापुर कलेक्टर ऋजु बाफना ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत आरोपी वाजिद को तीन माह के लिए केंद्रीय जेल उज्जैन भेजा है। वाजिद पिता सलीम खां (32) दुपाडा, थाना लालघाटी शाजापुर का निवासी है।
.
यह कार्रवाई एसपी शाजापुर के प्रतिवेदन, आपराधिक रिकॉर्ड और गवाहों के बयानों के आधार पर की गई है। वाजिद पर मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों में कुल 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी, लूट, डकैती, डीजल चोरी, मारपीट, हत्या का प्रयास, अवैध शराब परिवहन और एससी/एसटी एक्ट के मामले शामिल हैं। थाना लालघाटी में उस पर 8 प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयां भी की गई हैं।
25 जुलाई 2025 को वाजिद ने सड़क विवाद में रामबाबु पाटीदार के साथ मारपीट की। उसने तलवार से हमला करने का प्रयास भी किया। इस घटना के बाद करीब 5000 लोगों ने दुपाडा पुलिस चौकी का घेराव कर दिया। इससे 6 घंटे तक कानून-व्यवस्था और यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासनिक टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया।
जिला दंडाधिकारी के अनुसार, वाजिद की गतिविधियां क्षेत्र में भय और सांप्रदायिक तनाव पैदा कर रही हैं। सामान्य दंडात्मक उपाय उसे रोकने में विफल रहे हैं। इसलिए राष्ट्रीय हित और कानून-व्यवस्था के लिए NSA के तहत यह कार्रवाई की गई है।