मप्र कांग्रेस कमेटी में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के बाद अब जिलों में कार्यकारिणी की कवायद शुरू हो गई है। रविवार को दिल्ली में राहुल गांधी ने सभी जिलाध्यक्षों को स्पष्ट कर दिया कि उन्हें किस तरह का जमीनी काम चाहिए।
.
अब जानकारी यह सामने आई है कि मप्र के सभी जिलों में प्रदेश कांग्रेस की तरफ से प्रभारी बनाकर भेजे जाएंगे और राहुल गांधी की मंशा अनुसार कार्यकारिणी रखी जाएगी। इसमें ऐसे पदाधिकारी शामिल किए जाएंगे, जो जमीनी पकड़ रखते हों, सोशल मीडिया पर सक्रिय हों। समाज में इनकी वजनदारी हो।
खास बात यह है कि इस बार कार्यकारिणी जंबो की बजाय छोटी होगी। कितने पद और संख्या कितनी होगी, यह इसी सप्ताह तय हो जाएगा। मप्र कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी इसी सप्ताह भोपाल आएंगे और जिला कार्यकारिणी को लेकर चर्चा करेंगे। इसमें कई नए प्रभारी भी बनाए जाएंगे, क्योंकि जो जिले के प्रभारी थे, उनमें से कई जिलाध्यक्ष बना दिए गए हैं। नए सिरे से इनकी सूची बनाकर इन्हें जिलों में भेजने की तैयारी है।
दिवाली तक बनेगी
कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी बनाने के लिए संगठन ने दिवाली तक का समय तय किया है। इसके लिए प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष इसी सप्ताह बैठक कर सकते हैं। जिला कार्यकारिणी के लिए एक प्रारूप तैयार करके दिया जाएगा। उसी के हिसाब से टीम बनानी होगी। साथ ही जिलाध्यक्षों के कामकाज के लिए बनाए गए रिपोर्टिंग एप पर यह फॉर्मेट रहेगा, जिसकी मॉनीटरिंग पीसीसी के साथ एआईसीसी से भी होगी।