पीसीसी अध्यक्ष बोले- महिलाओं के साथ छल कर रही बीजेपी: भिंड में जीतू पटवारी ने कहा- सीएम साहब बताएं, विधायक गुंडा है या कलेक्टर चोर – Bhind News

पीसीसी अध्यक्ष बोले- महिलाओं के साथ छल कर रही बीजेपी:  भिंड में जीतू पटवारी ने कहा- सीएम साहब बताएं, विधायक गुंडा है या कलेक्टर चोर – Bhind News


कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा संबोधित किया गया।

भिंड में कांग्रेस द्वारा आयोजित “वोट चोर गद्दी छोड़ो सत्याग्रह” के दौरान प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने बुधवार देर रात भिंड में बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। चौधरी गार्डन में आयोजित इस सभा में जिलेभर से कांग्रेस कार्यकर्ता व

.

“अच्छे दिनों का सपना दिखाकर की गई सत्ता की साजिश”

मंच से संबोधित करते हुए पटवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता को अच्छे दिनों का सपना दिखाकर सत्ता हासिल की और फिर षड्यंत्रपूर्वक राज्यों में सरकारें बनाईं। उन्होंने कहा, “आज राहुल गांधी बिहार में इसी वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं और अब पूरे देश को इस षड्यंत्र से सावधान रहना होगा।”

उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इस लड़ाई में आगे आने का आह्वान करते हुए कहा, “यह सिर्फ सत्ता की लड़ाई नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने का आंदोलन है।”

मंच पर कांग्रेसी पदाधिकारियों से मंत्रणा करते प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी।

महिलाओं को लेकर दिए बयान पर दी सफाई

हाल ही में महिलाओं से जुड़े एक बयान पर उठे विवाद को लेकर पटवारी ने मंच से सफाई दी। उन्होंने कहा, “मेरे बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया। मेरी दो बेटियां हैं और एक बेटी की भी बेटी है। मैं घर से निकलने से पहले बहन-बेटी के चरण स्पर्श करता हूं।”

पटवारी ने कहा कि उन्होंने केवल यह बताने की कोशिश की थी कि प्रदेश किस तरह नशे की चपेट में है। जब कोई बेटा नशे में पिता के सामने जाता है या पति नशे में आकर पत्नी से कलह करता है, तो सबसे ज़्यादा पीड़ा बहन-बेटी को होती है।

बीजेपी सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप

प्रदेश की महिला योजना को लेकर पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को घेरा। उन्होंने कहा, “बीजेपी ने प्रदेश की बहनों से हर महीने तीन हजार रुपए देने का वादा किया था, लेकिन सरकार केवल 1200 रुपए ही दे रही है। इसका मतलब है कि बहनों के हक के 1800 रुपए हर महीने चुराए जा रहे हैं।”

“मैं कभी नशा नहीं करता, सीएम के साथ टेस्ट को तैयार”

मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा दिए गए एक बयान पर पलटवार करते हुए पटवारी ने कहा, “मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि मैंने रात को ज्यादा नशा कर लिया होगा। लेकिन मैंने जीवन में कभी नशा नहीं किया, यहां तक कि पान-सुपारी भी नहीं खाता।”

उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, “मुख्यमंत्री और मैं—दोनों सार्वजनिक रूप से नशे का टेस्ट कराएं, सच सबके सामने आ जाएगा।”

विधायक और कलेक्टर के बीच टकराव पर भी कसा तंज

भिंड के बीजेपी विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह और जिला कलेक्टर के बीच विवाद का जिक्र करते हुए पटवारी ने कहा, “खाद संकट को लेकर विधायक ने कलेक्टर निवास का घेराव किया, जिसके जवाब में कलेक्टर ने रेत चोरी रोकने की बात कही। इसके बाद विधायक कलेक्टर के दरवाजे पर गुंडागर्दी करते दिखे।”

उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से सवाल पूछा, “अब आप बताइए—कलेक्टर भ्रष्ट है या आपका विधायक गुंडा?”

सभा में मौजूद कांग्रेस के कार्यकर्ता।

सभा में मौजूद कांग्रेस के कार्यकर्ता।

कांग्रेस नेताओं का भव्य स्वागत

सत्याग्रह से पहले कांग्रेस के नवनियुक्त शहर जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया उर्फ पिंकी और ग्रामीण जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल का ग्वालियर से भिंड तक भव्य स्वागत हुआ। स्वागत काफिले में जगह-जगह पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ जोरदार उत्साह देखा गया।

चौधरी गार्डन में सभा आयोजित की गई जिसमें पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी, वरिष्ठ नेता मनोज दैयपुरिया, प्रमोद चौधरी, राहुल भदौरिया, शांति कुशवाह समेत जिले के सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।



Source link