अनूपपुर जिले के देवहरा में ओम अनाघ फिलिंग स्टेशन पर लूट का प्रयास किया गया। दो बदमाशों ने पेट्रोल पंप कर्मचारी प्रकाश चौधरी पर चाकू से हमला कर दिया।
.
घटना बुधवार गुरुवार दरमियानी रात 1 से 2 बजे के बीच की है। दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से पेट्रोल पंप पर आए। उन्होंने प्रकाश चौधरी से विवाद किया। आरोपी प्रकाश के पास मौजूद 2200 रुपए छीनने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान उन्होंने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
प्रकाश चौधरी जान बचाकर भागा। वह पेट्रोल पंप से करीब 100 मीटर दूर एक घर के पास लहूलुहान हालत में गिर गया। उसने वहीं से पेट्रोल पंप मालिक और पुलिस को फोन किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
घायल प्रकाश को पहले जिला अस्पताल अनूपपुर ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।