रीवा में कार्य में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर ने एएनएम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जबकि मेडिकल ऑफिसर को नोटिस जारी किया है। ये दोनों कलेक्टर को उनके औचक निरीक्षण के दौरान ड्यूटी टाइम में अनुपस्थित मिलीं।
.
बताया गया कि रीवा सहित पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा अभियान चलाया जा रहा है 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक यह अभियान चलाया जाएगा।
इसी अभियान के तहत रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में औचक निरीक्षण करने पहुंची। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के साथ एसडीएम हुजूर वैशाली जैन और मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव शुक्ला भी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य खैरी और संजीवनी क्लीनिक ढेकहा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्रों में उपस्थित महिलाओं से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र में उपस्थित गर्भवती महिला से नियमित चेकप, हीमोग्लोविन जांच, ब्लड प्रेशर, दवाईयों की उपलब्धता, स्वास्थ्य केन्द्र में डॉक्टरों की उपस्थिति आदि के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्रों की व्यवस्थाओं, उपस्थिति रजिस्टर, बच्चों के टीकाकरण, साफ-सफाई आदि के विषय में पूछताछ की। उन्होंने कहा कि अभियान में प्रत्येक गर्भवती महिला का अनिवार्य रूप से पंजीयन कर एएनसी चेकप करें। महिलाओं की हीमोग्लोविन, डायबिटीज ब्लडप्रेशर तथा पोषण स्तर की जांच कर प्रत्येक पंजीकृत महिला की जानकारी अनमोल पोर्टल और यूविन पोर्टल पर तत्काल अपलोड करें।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र में मेडिकल ऑफिसर डॉ प्रीती वर्मा ही अनुपस्थित पाई गईं। जिसके बाद तत्काल कलेक्टर महोदया ने डॉ प्रीती वर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने एएनएम अलका शुक्ला को निलंबित करने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बताया कि सभी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए शासन के आदेश हैं कि वो नियत समय से निर्धारित समय तक अपने कार्य स्थल पर अपनी सेवा दें। अगर कोई जानबूझकर लापरवाही करता है या फिर नदारद रहता है तो उस पर कार्यवाही की जाएगी।