वनकर्मियों को मौके से खदेड़ते कब्जाधारी।
जिले के श्यामपुर वन परिक्षेत्र की मोरेका बीट में अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग की टीम पर कब्जाधारियों ने हमला कर दिया। इस हमले में रेंजर सहित कई वनकर्मी घायल हो गए। यह घटना 7 अक्टूबर की है, जिसके बाद वन विभाग ने रघुनाथपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
.
वन विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ ग्रामीणों ने वन भूमि पर अवैध कब्जा कर खेतीबाड़ी शुरू कर दी है। इसी कब्जे को हटाने के लिए श्यामपुर परिक्षेत्र के रेंजर के नेतृत्व में विभागीय अमला मोरेका बीट के जंगल क्षेत्र में पहुंचा था।
जैसे ही टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की, वहां मौजूद कब्जाधारियों ने विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से टीम पर हमला कर दिया। हमले में चोटिल हुए कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
कुल्हाड़ी लेकर हमला करने पहुंचा कब्जाधारी।
दो-तीन लोग घायल हुए
थाना प्रभारी रघुनाथपुर धर्मेंद्र मालवीय ने बताया कि डिप्टी रेंजर पवन शर्मा ने थाने में आवेदन दिया है कि 7 अक्टूबर को मोरेका बीट में वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला किया था। इसमें दो-तीन लोग घायल हुए हैं। विभाग की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।