बड़वानी जिला मुख्यालय स्थित छोटी कसरावद पुल पर शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने नर्मदा नदी में छलांग लगा दी। हालांकि, SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) और कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई से युवक को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
.
प्रत्यक्षदर्शी श्याम केवट और नीरज के अनुसार युवक कुछ देर से पुल पर घूम रहा था और अचानक उसने रेलिंग पर चढ़कर नीचे नदी में छलांग लगा दी। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना शहर कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद SDRF टीम ने युवक को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना के दौरान पुल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।
शहर कोतवाली पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक ने छलांग क्यों लगाई थी। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह आत्मघाती प्रयास था या नशे की हालत में की गई हरकत। युवक को फिलहाल पुलिस की निगरानी में रखा गया है और उससे पूछताछ जारी है।

