सड़क किनारे पड़ी बोतलों को उठाते स्वास्थ्य कर्मचारी।
मुरैना जिले के पहाड़गढ़ उपस्वास्थ्य केंद्र से कुछ ही दूरी पर सरकारी सप्लाई की एनएस (नॉर्मल सलाइन) ड्रीप की सैकड़ों बोतलें सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली हैं। इन बोतलों पर “एमपी गवर्मेंट सप्लाई” और “नॉट फॉर सेल” लिखा हुआ है।
.
खास बात यह है कि ये बोतलें अभी-अभी अक्टूबर 2025 में निर्मित हुई हैं और इनकी एक्सपायरी सितंबर 2027 दर्ज है। घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने देखा कि पहाड़गढ़ विकासखंड के उपस्वास्थ्य केंद्र के पास लगभग आधा किलोमीटर के दायरे में 500 एमएल और 100 एमएल की एनएस बोतलें सड़क किनारे पड़ी हैं।
एक ग्रामीण ने तत्काल इसकी सूचना अस्पताल के बीएमओ डॉ. अजय कुमार दंडोतिया को दी। इसके बाद स्वास्थ्य कर्मी मौके पर पहुंचे और सभी बोतलों को इकट्ठा कर अस्पताल में जमा कराया।
एनएस बोतल पर एमपी सरकार की सील लगी।

पहाड़-गढ़ अस्पताल।
बोतलों पर साफ लिखा- एमपी गवर्मेंट सप्लाई, नॉट फॉर सेल मिली सभी बोतलों पर सरकारी सप्लाई की सील और बैच नंबर अंकित हैं।बीएमओ डॉ. दंडोतिया ने बताया इन बोतलों का बैच नंबर हमारे अस्पताल में सप्लाई नहीं हुआ है।हमने सभी बोतलों को सुरक्षित रखवा दिया है और बैच नंबर वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिए गए हैं। वहीं से पता चलेगा कि यह स्टॉक कहां सप्लाई हुआ था।
प्रभारी सीएमएचओ डॉ. आनंद बसल ने कहा कि पहाड़गढ़ में एनएस की लावारिस बोतलों की सूचना मिली थी। कुल 57 बोतलें 500 एमएल की और 368 बोतलें 100 एमएल की बरामद हुई हैं।सभी को अस्पताल में रखवा दिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय ग्रामीणों ने जानकारी दी कि गुरुवार रात एक ट्रक तेजी से गुजर रहा था, जो संभवतः झटके से इन बोतलों को गिरा गया होगा।फिलहाल जिले के लिए यह बैच सप्लाई नहीं हुआ है, इसलिए जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।