Last Updated:
South Africa A beat India A: ऋषभ पंत एंड कंपनी को दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका ए पांच विकेट से हरा दिया. दक्षिण अफ्रीका के सामने इंडिया ए ने 417 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे मेहमान टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया. दक्षिण अफ्रीका की इस जीत ने शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टेस्ट टीम को टेंशन दे दिया है. भारत को 14 नवंबर से दक्षिण अफ्रीका से टेस्ट मैच में भिड़ना है. इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की ए टीम ने इंडिया ए के खिलाफ बहुत बड़ी जीत दर्ज की है.
नई दिल्ली. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले शुभमन गिल टेंशन में हैं. इंडिया ए के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका ए टीम ने 417 रन का बड़ा टारगेट हासिल कर भारतीय टेस्ट टीम को सोचने पर मजबूर कर दिया. भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 14 नवंबर से दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी. इस सीरीज से पहले भारत में आकर दक्षिण अफ्रीका की ए टीम ने चार दिवसीय मैच में जो जीत दर्ज की है उसे ऐतिहासिक कहा जाएगा. दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट मैच जीतकर दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज 1-1 से बराबर कर दिया. दक्षिण अफ्रीका की इस टीम में टेंबा बावूमा भी खेल रहे थे जो टेस्ट सीरीज में भारत के खिलाफ अपनी टीम की कप्तानी करेंगे. बावूमा पहली पारी में जीरो पर आउट हुए थे लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने शानदार अर्धशतक जड़ अपनी टीम को यादगार जीत दिलाई.
दक्षिण अफ्रीका ए की इस जीत में उसके पांच बल्लेबाजों ने अर्धशतक जमाए. मेहमान बल्लेबाजों ने भारत इंटरनेशनल स्टार गेंदबाजों मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा और स्पिनर कुलदीप यादव की जमकर धुनाई की. दक्षिण अफ्रीका ने लक्ष्य का पीछा करते हुए धमाकेदार शुरुआत की.ओपनर जॉर्डन हेरमेन ने सर्वाधिक 91 रन बनाए वहीं लेसेगो सेनोकवाने और जुबेर हमजा ने एक समान 77-77 रन की पारी खेली. टेंबा बावूमा 59 रन बनाकर आउट हुए वहीं विकेटकीपर कोनोर ने 54 गेंदों पर नाबाद 52 रन की पारी खेली. दक्षिण अफ्रीका ए ने 98 ओवर में 5 विकेट गंवाकर लक्ष्य को हासिल कर लिया.
आकाश दीप ने एक विकेट के लिए 106 रन लुटा दिए
इंडिया ए की ओर से अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने 17 ओवर में 53 रन देकर एक विकेट लिया वहीं आकाश दीप और प्रसिद्ध कृष्णा ने क्रमश:एक और दो विकेट चटकाए. आकाश दीप ने एक विकेट के लिए 106 रन दिए. कृष्णा ने 49 रन खर्च किए वहीं चाइनामैन स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव ने 17 ओवर में 81 रन लुटाए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला.
ध्रुव जुरेल को मिला प्लेयर ऑफ द सीरीज पुरस्कार
इंडिया ए ने पहली पारी में 255 रन बनाए थे जिसमें ध्रुव जुरेल के अकेले नाबाद 132 रन शामिल थे. जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम ने अपनी पहली पारी में 221 रन बनाए. उसकी ओर से कप्तान मारकस एकरमैन ने 134 रन बनाए. इंडिया ए ने दूसरी पारी 7 विकेट पर 382 रन पर घोषित की.जुरेल ने दूसरी पारी में भी शानदार शतक जड़ा. जबकि कप्तान ऋषभ पंत ने चोटिल होने के बावजूद अर्धशतक जड़ा. साउथ अफ्रीका की टीम ने को 417 रन का लक्ष्य मिला था जिसे उसने हासिल कर लिया. जुरेल को प्लयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड दिया गया.
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से… और पढ़ें