India vs South Africa , 1st Test Day 1: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच कोलकाता में दो मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट जारी है. ईडन गार्डन्स पर चल रहे मुकाबले में भले ही सिक्का शुभमन गिल के पक्ष में नहीं गिरा, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर पहले दिन ही टीम इंडिया ने मैच पर पकड़ मजबूत कर ली है. पहली पारी में अफ्रीकी टीम महज 159 रनों पर ढेर हो गई.
कोलकाता टेस्ट के पहले दिन जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर बता दिया कि क्यों उन्हें दुनिया का बेस्ट गेंदबाज कहा जाता है. स्लो पिच पर स्टार पेसर ने अफ्रीकी बल्लेबाजों के होश उड़ा दिए और टेस्ट करियर का 16वां पंजा खोला. इन सब के बीच चोट के बाद वापसी कर रहे विकेट कीपर ऋषभ पंत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वो स्पिनर अक्षर पटेल और कुलदीप यादव को मजेदार सलाह दे रहे हैं.
ऋषभ पंत ने विकेट के पीछे से चली चाल
विकेट के पीछे अगर ऋषभ पंत हों और विपक्षी बल्लेबाजों के कान में शोर ना हो, ऐसा कैसे हो सकता है? कोलकाता टेस्ट के पहले दिन भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब पंत भारतीय स्पिनर्स अक्षर पटेल और कुलदीप यादव को विकेट लेने का मस्त फॉर्मूला बताते दिखें.
स्टंप माइक पर कैद हुए आवाज में ऋषभ पंत ने कहा, ”ये सभी यही करने वाले हैं, सब आगे का बॉल पीछे खेलते हैं.” जैसे ही अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा क्रीज पर आए, पंत ने कुलदीप से कहा कि ये स्वीप खेलेगा. कैच के लिए तैयार रहना.
Ek hai jo stumps ke peeche se bhi entertain karta rehta hai
pic.twitter.com/G89uitn82d— Lucknow Super Giants (@LucknowIPL) November 14, 2025
मजेदार बात ये है कि साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज ऋषभ पंत के जाल में फंसते चले गए. बावुमा भी सिर्फ 3 रन बनाकर कुलदीप यादव की गेंद पर शॉर्ट लेग पर खड़े फील्डर ध्रुव जुरेल को कैच दे बैठे. कुलदीप और अक्षर ने 2-2 विकेट चटकाए.
बुमराह ने खोला पंजा
ऐसा लगा था कि ईडन गार्डन्स पर स्पिनरों का बोलबाला रहेगा, लेकिन जसप्रीत बुमराह ने बता दिया कि उनका टैलेंट पिच का मोहताज नहीं है. स्टार पेसर ने 14 ओवर में 5 मेडन डाले और सिर्फ 27 रन देकर 5 विकेट हासिल किया. ये उनके टेस्ट करियर का 16वां पंजा है.
ये भी पढ़ें: कोलकाता टेस्ट में बवाल… बावुमा को ‘बौना’ कहकर फंस गए बुमराह? कहीं भरना न पड़ जाए जुर्माना