रितु स्वीट्स एंड भोजनालय में व्यावसायिक उपयोग में मिले आठ घरेलू सिलेंडर
डिंडोरी में खाद्य विभाग ने शुक्रवार को एक होटल पर कार्रवाई करते हुए आठ घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई नगर के वार्ड नंबर एक स्थित जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे किनारे संचालित रितु स्वीट्स एवं भोजनालय में की गई।
.
सहायक आपूर्ति अधिकारी शमीम खान ने बताया कि सूचना मिलने पर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी नितिन जायसवाल के साथ प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान होटल संचालक खेमकरण ठाकुर आठ घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते पाए गए।
पूछताछ में संचालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। विभाग ने द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस प्रदाय एवं वितरण विनिमय आदेश 2000 के प्रावधानों के उल्लंघन का प्रकरण दर्ज किया है। जब्त किए गए सिलेंडरों को इंडेन गैस एजेंसी को सौंप दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में होटल संचालक के साथ-साथ गैस एजेंसी धारक से भी पूछताछ की जाएगी। यह जांच की जाएगी कि इतनी बड़ी मात्रा में घरेलू सिलेंडर व्यावसायिक उपयोग के लिए कैसे उपलब्ध कराए गए और ये सिलेंडर किस हितग्राही के नाम पर पंजीकृत हैं।
खाद्य विभाग द्वारा बताया गया कि उन्हें लगातार ऐसी सूचनाएं मिलती रहती हैं, जिसके आधार पर प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जाता है। विभाग द्वारा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।