Last Updated:
Rohit Sharma ODI Six Record: साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची में खेले जा रहे वनडे मैच में टीम इंडिया के दिग्गज रोहित शर्मा ने इतिहास रच दिया. रोहित ने पारी में तीन सिक्स लगाते ही पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी का सबसे ज्यादा सिक्स लगाने के रिकॉर्ड को तोड़ा. रोहित अब इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
रांची: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज रोहित शर्मा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची वनडे में धूम मचा दी. पारी की शुरुआत करने उतरे रोहित ने वनडे में अपनी दमदार बल्लेबाजी से पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी का एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ दिया. दरअसल रोहित शर्मा अब वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. रोहित शर्मा के नाम वनडे में अब 352 सिक्स हो गए हैं, जबकि शाहिद अफरीदी ने 351 सिक्स लगाए थे. रोहित शर्मा ने ये कारनामा अपनी 269वीं वनडे पारी की. वहीं शाहिद अफरीदी ने 369 वनडे पारियों में 351 सिक्स लगाए थे.
इस दौरान रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में अपनी 60वीं हाफ सेंचुरी भी पूरी की. रोहित ने अपना अर्धशतक 43 गेंद में पूरा किया था. हालांकि, अर्धशतक लगाने के बाद वह अपनी पारी को ज्यादा आगे नहीं बढ़ा गाए और मार्को यानसेन की गेंद पर एलबीडबल्यू आउट हो गए. इस तरह रोहित शर्मा 51 गेंद में 3 छक्के और 5 चौके की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुए. आउट होने से पहले रोहित ने विराट कोहली के साथ 109 गेंद में 136 रनों की पार्टनरशिप भी की.
कैसी हुई थी मैच में टीम इंडिया की शुरुआत
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच में टीम इंडिया को टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी का न्योता मिला था. रोहित शर्मा के साथ यशस्वी जायसवाल पारी की शुरुआत करने उतरे, लेकिन वे 16 गेंद में सिर्फ 18 रन बनाकर आउट हो गए. इस तरह टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही. भारतीय टीम ने अपना पहला विकेट सिर्फ 25 रन के स्कोर पर गंवा दिया. यशस्वी को साउथ अफ्रीकी पेसर नांद्रे बर्गर ने आउट किया.
हालांकि, इसके बाद रोहित शर्मा ने विराट कोहली के साथ मिलकर पारी को अच्छे संभाला. इस दौरान रोहित शर्मा को एक जीवनदान भी मिला, जिसका उन्होंने भरपूर फायदा उठाया और अपना अर्धशतक पूरा किया. इसके अलावा दूसरे छोर से विराट कोहली भी तेज तर्रार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों की हालत खराब करके रखे हुए थे.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें