धार नगर पालिका ने साल 2023 में पॉलिथीन के उपयोग को कम करने के उद्देश्य से शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में कपड़ा थैला वेंडिंग मशीनें लगवाई थीं, लेकिन स्थापना के बाद से अब तक इन मशीनों से एक भी कपड़े का थैला वितरित नहीं हो सका है।
.
नगर पालिका की ओर से आदर्श सड़क सहित शहर के प्रमुख बाजार मार्गों पर कपड़ा थैला वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई थीं। इन मशीनों का उद्देश्य था कि लोग निर्धारित राशि डालकर कपड़े के थैले प्राप्त करें और पॉलिथीन का उपयोग कम हो।
स्थापना के बाद उपयोग नहीं
स्थानीय निवासियों के अनुसार मशीनें पिछले दो साल से उन्हीं स्थानों पर लगी हैं, लेकिन न तो इन्हें चालू किया गया और न ही इनसे कभी थैले निकलते देखे गए। स्वच्छ सर्वेक्षण के दौरान भी इन मशीनों का उपयोग नहीं हुआ।
उपयोग के बारे जानकारी नहीं दी गई
स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर पालिका द्वारा मशीनों के संचालन या उपयोग की कोई जानकारी सार्वजनिक रूप से नहीं दी गई। इस कारण आमजन इन मशीनों का उपयोग नहीं कर सका।
पार्षद प्रतिनिधि ने उठाए सवाल
पार्षद प्रतिनिधि अजय सिंह ठाकुर ने बताया कि मशीनें लगाए जाने के बाद से बंद पड़ी हैं और इनके संचालन को लेकर कोई व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने नगर पालिका से इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। इस मामले में नगर पालिका की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। कपड़ा थैला वेंडिंग मशीनों के संचालन और योजना की वर्तमान स्थिति को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।