नीमच पुलिस ने अवैध बायोडीजल के काले कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की है। जिले के डूंगलवदा के पास घेराबंदी कर एक लोडिंग टेंपो से लगभग 800 लीटर अवैध बायोडीजल जब्त किया गया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
.
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन और कैंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी के नेतृत्व में की गई। मुखबिर की सटीक सूचना पर एएसआई असलम पठान और उनकी टीम ने छोटा हाथी लोडिंग टेम्पो क्रमांक RJ 02 GA 3313 को रोका।
लोडिंग टेंपो जिसमें से जब्त किया डीजल।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें विशेष रूप से तैयार की गई गुप्त ‘स्कीम’ यानी टैंक में करीब 800 लीटर अवैध बायोडीजल भरा पाया गया, जिसे पुलिस ने तुरंत जब्त कर लिया। आरोपी रामपुरा थाना क्षेत्र के बासनिया निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू पिता प्रहलाद नागदा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक संदिग्ध गोदाम को भी सील किया है। जानकारी के अनुसार, इस गोदाम में बड़ी मात्रा में बायोडीजल के संग्रहण के लिए टैंक रखे हुए थे। कैंट पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध कारोबार की जड़ों और मुख्य सप्लायर का पता लगाया जा सके। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के बाद इस रैकेट में शामिल कुछ और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।

जब्त डीजल।