मंदसौर शहर में मंगलवार को रिटायर्ड शिक्षक दिलीप पंवार (64) का शव शिवना नदी में मुक्ति धाम के पास मिला। वे पिछले महीने साइटिका का ऑपरेशन करवा चुके थे और बीमारी के कारण परेशान थे। प्रारंभिक जानकारी में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार दिलीप पंवार पिता तुलसीराम पंवार दोपहर करीब 3:30 बजे खाना खाकर घर से टहलने के लिए निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। इसी दौरान शिवना नदी की बड़ी पुलिया पर एक व्यक्ति के नदी में कूदने की सूचना प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा पुलिस को दी गई। नई आबादी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के बताए अनुसार, दिलीप पंवार बड़ी पुलिया पर पहुंचे और वहां से शिवना नदी में छलांग लगा दी। पुलिस ने उन्हें नदी से बाहर निकाला और तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जिला चिकित्सालय पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद दिलीप पंवार को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव की पहचान के लिए परिजनों को सूचना दी गई। अस्पताल पहुंचे उनके पुत्र ने पहचान की। बीमारी से थे काफी परेशान
जानकारी के मुताबिक दिलीप पंवार पेशे से शिक्षक थे और करीब दो वर्ष पूर्व ही सेवानिवृत्त हुए थे। पिछले कुछ समय से वे शारीरिक बीमारी से जूझ रहे थे और हाल ही में उनका साइटिका का ऑपरेशन हुआ था। परिजनों के अनुसार बीमारी के चलते वे मानसिक रूप से भी परेशान चल रहे थे। नई आबादी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि दिलीप पंवार दोपहर में घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे। आमजनों से मिली सूचना के आधार पर उन्हें अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Source link