सतना जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर लाइव आकर लोगों को धमकाने और अवैध हथियार रखने की जानकारी देने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। पुलिस अब एक अन्य फरार आरोपी की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी गिरजा शंकर बाजपेयी ने बताया कि 31 जनवरी को तीन युवकों ने इंस्टाग्राम पर लाइव वीडियो चलाया था। वीडियो में आरोपियों ने आरोग्यधाम परिसर में रहने वाले लोगों के साथ गाली-गलौज की और अपने पास कट्टा और पिस्टल होने की धमकी दी थी। देशी कट्टा और कारतूस बरामद वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू की। जांच के दौरान दो आरोपियों की पहचान अभिषेक गुप्ता और हिमांशु गुप्ता के रूप में की गई। पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए अभिषेक गुप्ता और हिमांशु गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 और एडी एक्ट की धारा 11/13 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
Source link