Last Updated:
Khandwa News: जय पटेल ने लोकल 18 से कहा कि कई जगह पाइपलाइन नालियों के बीच से डाली गई है, जिससे घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है और लोग बीमार पड़ रहे हैं. मोटर खराब होने पर भी उसे ठीक करने में काफी समय लग जाता है, जिससे सप्लाई पूरी तरह ठप हो जाती है.
खंडवा. मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के पास स्थित टिगरिया गांव में गर्मी शुरू होने से पहले ही पानी का गंभीर संकट सामने आ गया है. गांव की महिलाएं पीने के पानी के लिए रोजाना दूर-दूर तक भटकने को मजबूर हैं. परेशान होकर ग्रामीण महिलाएं जनसुनवाई में पहुंचीं और अधिकारियों से जल्द समाधान की मांग की. ग्राम टिगरिया के भील मोहल्ले सहित गांव की कस्तूरी बाई, प्रेम बाई, सुनीता, ममता और दुरपता ने लोकल 18 को बताया कि उनके मोहल्ले में पानी नहीं आ रहा है. कई बार सरपंच और सचिव से शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ. मजबूरी में उन्हें एक से दो किलोमीटर दूर खेतों और कुंओं से पानी लाना पड़ रहा है.
महिलाओं का कहना है कि अभी तो गर्मी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई है और यह स्थिति है. ऐसे में आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है. उनका कहना है कि कई दिनों से पानी नहीं मिलने से घर का कामकाज और बच्चों की देखभाल करना भी मुश्किल हो गया है.
सप्लाई सिस्टम में खामी
लोकल 18 से बातचीत में गांव के जय पटेल कहते हैं कि सरकार की जल जीवन मिशन योजना के तहत गांव में पानी की टंकी और पाइपलाइन तो बिछाई गई है लेकिन इसका लाभ सभी लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है. गांव में पानी की कमी नहीं है बल्कि सप्लाई सिस्टम में खामी है. टंकी से पूरे गांव में सिर्फ एक ही लाइन से पानी दिया जा रहा है, जिससे मात्र 10 से 20 प्रतिशत घरों तक ही पानी पहुंच पा रहा है.
घरों में पहुंच रहा गंदा पानी
जय पटेल ने यह भी बताया कि कई जगह पाइपलाइन नालियों के बीच से डाली गई है, जिससे घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है और लोग बीमार पड़ रहे हैं. मोटर खराब होने पर भी उसे ठीक करने में लंबा समय लग जाता है, जिससे सप्लाई पूरी तरह बंद हो जाती है.
जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
उन्होंने आगे कहा कि गांव में करीब 1800 से 2000 लोग रहते हैं लेकिन पानी की व्यवस्था सही नहीं होने से अधिकांश लोग परेशान हैं. महिलाओं ने दो से ज्यादा बार आवेदन भी दिया है लेकिन अभी तक केवल आश्वासन ही मिला है. ग्रामीणों की मांग है कि गांव में नई और सही पाइपलाइन डाली जाए और सप्लाई सिस्टम को ठीक किया जाए ताकि सभी घरों तक साफ पानी पहुंच सके. उन्होंने इस पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की भी मांग की है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.