छतरपुर जिले के बिजावर में रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्रिकेट मैच का विशेष आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक राजेश ‘बब्लू’ शुक्ला ने नगर के मेला ग्राउंड में एक बड़ी एलईडी स्क्रीन पर मैच का सीधा प्रसारण करवाया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी और स्थानीय लोग मैदान में एकत्रित हुए। मैच के दौरान मेला ग्राउंड में उत्सव जैसा माहौल था। मंच पर चीयर गर्ल्स ने प्रदर्शन किया, वहीं दर्शक तिरंगे के साथ हर्षोल्लास से झूमते नजर आए। हर चौके-छक्के पर दर्शकों ने तालियां बजाकर और शोर मचाकर टीम इंडिया का उत्साह बढ़ाया। विधायक राजेश ‘बब्लू’ शुक्ला भी आम लोगों के बीच बैठकर मैच का लुत्फ उठाते दिखे। मैच के रोमांचक पलों में वे कई बार खुशी में झूमते और नाचते हुए भी नजर आए। उन्होंने लाल रंग की टी-शर्ट और जींस पहन रखी थी। मैदान में मौजूद लोगों ने इस पूरे नजारे का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों ने विधायक के इस तरह आम जनता के बीच बैठकर मैच देखने और खुशी जाहिर करने की सराहना की। इस आयोजन से युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों को एक साथ मैच देखने का अवसर मिला। बड़ी एलईडी स्क्रीन पर मैच देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी लोग बिजावर पहुंचे। पूरे मैच के दौरान मैदान में उत्साह और जोश का माहौल बना रहा।
Source link