झाबुआ कलेक्टर नेहा मीना के निर्देश पर जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए प्रशासन ने अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में एसडीएम झाबुआ महेश कुमार मण्डलोई ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम के साथ एचपी गैस गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने गोदाम में स्टॉक और वितरण व्यवस्था की गहन जांच की। इसमें 1283 ओपनिंग बैलेंस और 1896 कुल बुकिंग के साथ व्यावसायिक सिलेंडरों का भौतिक सत्यापन किया गया। प्रशासन ने बताया कि गोदाम में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जिससे जिले में आपूर्ति की कोई कमी नहीं है। नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अनावश्यक भंडारण से बचने की अपील की गई है। वर्तमान भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण आयात में आ रही बाधाओं को देखते हुए, शासन ने व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के उपयोग पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया है। इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए एसडीएम मण्डलोई ने होटल संचालकों और व्यापारिक संघ के पदाधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान घरेलू सिलेंडरों का उपयोग बिल्कुल न करें। व्यापारियों को डीजल भट्टी, इंडक्शन चूल्हा या कोयला भट्टी जैसे वैकल्पिक साधनों का उपयोग सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है। प्रशासनिक स्तर पर निगरानी को मजबूत करने के लिए तहसीलदार, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी और पटवारियों की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया है। यह टीम लगातार विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दे रही है। यदि कोई भी प्रतिष्ठान घरेलू सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आम जनता और उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जिसका मोबाइल नंबर 9074388149 है।
Source link