ग्वालियर में थाटीपुर पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लाइसेंसी और अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। मामले का मुख्य आरोपी सोबरन सिंह बीएसएफ का जवान बताया जा रहा है। आरोप है कि सोबरन सिंह ने अपने दो बेटों और तीन साथियों के साथ मिलकर लाइसेंसी बंदूक से एक युवक पर गोली चला दी थी। गोली लगने से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के दो दिन बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। कंधे में गोली मारकर फरार हुए थे ग्वालियर के थाटीपुर इलाके में 6 मार्च की देर रात सूरज सैनी घर के बाहर बैठा था। तभी पुरानी रंजिश को लेकर सोबरन सिंह आर्य अपने दो बेटों अभिषेक आर्य, राहुल आर्य और साथियों शुभम खटीक, सोहेल खान व सक्षम खटीक के साथ वहां पहुंच गया। सभी ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सोबरन सिंह ने 12 बोर की बंदूक से जान से मारने की नीयत से गोली चला दी, जो सूरज के कंधे में जा लगी। गोली लगते ही वह घायल होकर गिर पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया था। घायल की शिकायत पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। बीएसएफ जवान सहित 6 हमलावर पकड़ाए घटना के बाद से पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। शनिवार को सूचना मिली कि सभी आरोपी शहर में मौजूद हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर छहों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने हमले की वारदात कबूल कर ली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सोबरन सिंह के पास से 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक और सोहेल खान के पास से अवैध .315 बोर का देशी कट्टा व जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक सोबरन सिंह बीएसएफ का जवान है और फिलहाल गुजरात में पदस्थ है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना मामले में थाटीपुर थाना प्रभारी विपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि नौ दिन पहले एक युवक पर हुए कातिलाना हमले के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
Source link