Last Updated:
Singhade ki Lapsi ki Recipe: प्रियंका सिंह ने कहा कि जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तो इसमें थोड़ा देसी घी डालकर लगातार चलाया जाता है. कुछ ही समय में लापसी बर्तन छोड़ने लगती है और जमने लगती है. इसे घी लगी थाली में फैलाया जाता है और ऊपर से कटे हुए काजू, बादाम, किशमिश और मूंगफली डालकर सजाया जाता है.
सीधी. नवरात्रि के पावन दिनों में मां दुर्गा की पूजा के साथ कई लोग पूरे 9 दिन व्रत रखते हैं. इस दौरान वे हल्का और जल्दी पचने वाला फलाहार खाना पसंद करते हैं. ऐसे में सिंघाड़े की लापसी एक बेहतरीन विकल्प है, जो शरीर को ऊर्जा देता है और पेट पर भारी भी नहीं पड़ता है. अगर आप भी व्रत में कुछ स्वादिष्ट खाना चाहते हैं, तो सिंघाड़े की लापसी की यह रेसिपी ट्राई कर सकते हैं. मध्य प्रदेश के सीधी की रहने वालीं प्रियंका सिंह ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि सिंघाड़े की लापसी व्रत के दौरान खासतौर पर बनाई जाती है. इसे कई जगहों पर लापसी को हलवा या कांची के नाम से भी जाना जाता है, खासकर विंध्य क्षेत्र में इसे कांची कहा जाता है. सिंघाड़ा पोषक तत्वों से भरपूर होता है, जो शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा प्रदान करता है और कमजोरी महसूस नहीं होने देता.
प्रियंका ने कहा कि सिंघाड़े की लापसी बनाने की विधि बेहद आसान है. सबसे पहले सिंघाड़ों को अच्छी तरह धोकर धूप में सुखाया जाता है. जब ये पूरी तरह सूख जाएं, तो इन्हें दरदरा कूटकर मिक्सर में पीस लिया जाता है, जिससे महीन आटा तैयार हो जाता है. इसके बाद कढ़ाई में थोड़ा सा घी डालकर इस आटे को हल्का सुनहरा होने तक भून लिया जाता है. इस दौरान ध्यान रखना जरूरी है कि आटा जले नहीं वरना स्वाद खराब हो सकता है.
गर्म पानी से बनती हैं गुठलियां
उन्होंने कहा कि अगले चरण में ठंडे पानी से आटे का घोल तैयार किया जाता है. ठंडा पानी इस्तेमाल करना जरूरी होता है क्योंकि गर्म पानी से गुठलियां बनने का खतरा रहता है. फिर इस घोल को गैस पर चढ़ाकर इसमें तीन गुना पानी मिलाया जाता है और करीब 10 मिनट तक पकाया जाता है. बीच-बीच में इसे चलाते रहना जरूरी है ताकि यह बर्तन में चिपके नहीं.
ड्राईफ्रूट्स डालकर सजाएं
प्रियंका सिंह ने आगे कहा कि जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तो इसमें थोड़ा देसी घी डालकर लगातार चलाया जाता है. कुछ ही समय में लापसी बर्तन छोड़ने लगती है और जमने की स्थिति में आ जाती है. इसके बाद इसे घी लगी थाली में फैलाकर ऊपर से कटे हुए बादाम, काजू, किशमिश और मूंगफली डालकर सजाया जाता है. तैयार सिंघाड़े की लापसी स्वादिष्ट होने के साथ-साथ व्रत के दौरान शरीर को भरपूर ऊर्जा देती है. यही कारण है कि नवरात्रि में यह पारंपरिक व्यंजन आज भी लोगों की पहली पसंद बना हुआ है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.