अनूपपुर में टीले पर महिला का सड़ा-गला शव मिला: रेप के बाद हत्या की आशंका; आधार कार्ड बरामद – Anuppur News

अनूपपुर में टीले पर महिला का सड़ा-गला शव मिला:  रेप के बाद हत्या की आशंका; आधार कार्ड बरामद – Anuppur News




अनूपपुर जिले के चचाई थाना क्षेत्र स्थित शारदा माइंस इलाके में एक ऊंचे टीले पर बुधवार को लगभग 25 वर्षीय महिला का सड़ा-गला शव संदिग्ध अवस्था में मिला। एक चरवाहे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस को घटनास्थल पर महिला का शव सजी-धजी हालत में मिला, जिसके पास नई चप्पल और एक बैग भी पड़ा था। बैग में मिले आधार कार्ड से महिला की पहचान मनीषा कहार, पति दादूराम कहार, निवासी रामपुर बेलिया के रूप में हुई है। बैग से कुछ अन्य दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। अनूपपुर के पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने बताया कि मृतका का पति अमलाई में रहता है। शव टीले के ऊपर पाया गया है और उसकी हालत देखकर लगता है कि यह 15 दिन से अधिक पुराना है। शव की स्थिति और घटनास्थल के वीरान होने के कारण पुलिस को बलात्कार के बाद हत्या की आशंका है। पुलिस फिलहाल एफएसएल टीम का इंतजार कर रही है ताकि शव की विस्तृत जांच कराई जा सके। मृतका के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है और उन्हें पहचान के लिए बुलाया गया है। परिजनों से पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि महिला घर से कब और किसके साथ निकली थी, और क्या उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पहचान के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।



Source link