गुना शहर सहित अंचल में रामनवमी उमंग और उत्साह से मनाई जा रही है। जगह-जगह शोभायात्रा निकाली जा रही हैं। शहर का मुख्य कार्यक्रम रघुवंशी समाज द्वारा आयोजित किया गया। प्रताप छात्रावास में आरती के बाद भगवान राम की शोभायात्रा शुरू हुई, जो शहर में भ्रमण करेगी। इससे पहले गुरुवार को बिठाई गयी अखंड रामायण की पूर्णाहुति हुई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसपी हितिका वसल ने पुलिस लाइन में बल को ब्रीफ किया और सारी जानकारियां दी। शहर में कम से कम 6 जगहों से जुलूस निकाले जाएंगे। रघुवंशी महासभा की शोभायात्रा दोपहर एक बजे शुरू हुई। इसमें रथ में भगवान राम की प्रतिमा विराजमान की गई। एक बग्गी पर राम-सीता, हनुमान आदि के रूप में बच्चों को सजाकर बिठाया गया था। इसके अलावा कुशवाह समाज ने भी अपना जुलूस निकाला। रघुवंशी महासभा द्वारा प्रताप छात्रावास में अखंड रामायण बिठाई गई थी। शुक्रवार को इसका समापन हुआ। इसके बाद महाआरती की गई। वहीं महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर भये प्रकट कृपाला का वाचन किया गया। यहां से चल समारोह शुरू हुआ जो शहर के मुख्य मार्गों से गुजरा। चल समारोह हाट रोड, निचला बाजार, सदर बाजार, लक्ष्मीगंज, गुरुद्वारा, जयस्तंभ चौराहा, हनुमान चौराहा से होते हुए वापस प्रताप छात्रावास में समाप्त होगा। चल समारोह में बड़ी संख्या में रघुवंशी समाज के लोग शामिल हुए। बड़ी संख्या में महिला और युवा शामिल हुए। हाट रोड सहित जगह-जगह चल समारोह का स्वागत किया गया। लोगों ने जुलूस के साथ चल रही भगवान राम की प्रतिमा की पूजा अर्चना भी की। आधा दर्जन से ज्यादा जगहों से निकले जुलूस
शहर में कई जगहों से रामनवमी के जुलूस निकलेंगे। दिनभर यह सिलसिला जारी रहेगा। कुशवाह समाज संगठन का जुलूस पुरानी छावनी से निकलेगा। रामनवमी पर शहर में निकाला जाने वाला यह सबसे पुराना जुलूस है जो 100 साल से अनवरत चला आ रहा है। इसके अलावा राधा कालोनी, हड्डी मिल, श्रीराम कॉलोनी से भी जुलूस निकाले जाएंगे। तस्वीरों में देखिए जुलूस…
Source link